वाशिगटन, 18 फरवरी (आईएएनएस)| एनबीसी न्यूज/वाल स्ट्रीट जर्नल के एक नए सर्वेक्षण से यह आश्चर्यजनक खुलासा हुआ है कि रिपब्लिकन पार्टी में राष्ट्रपति पद के दावेदार डोनाल्ड ट्रंप राष्ट्रव्यापी स्तर पर टेड क्रूज से तेजी से पिछड़ रहे हैं। ट्रंप इसे सही नहीं मानते और उनका कहना है, “ऐसा लगता है कि वाल स्ट्रीट जर्नल में कोई है जो मुझे पसंद नहीं करता।”
साउथ कैरोलिना में शनिवार को होने वाले प्राइमरी से पहले ट्रंप ने बुधवार को चार्ल्सटन के एमएसएनबीसी टाउन हाल में कहा, “मुझे लगता है कि बहस के बाद अधिकांश सर्वेक्षण हुए हैं और इनमें मेरी अच्छी स्थिति दिखाई गई है।” साउथ कैरोलिना में ट्रंप ने अन्य रिपब्लिकन दावेदारों पर अच्छी बढ़त बनाई हुई है।
ट्रंप ने कहा, “वाल स्ट्रीट जर्नल के सर्वेक्षणों में मेरी स्थिति कभी भी बेहतर नहीं रहती। मुझे नहीं पता। वे छोटे सर्वेक्षण करते हैं और मुझे ठीक-ठीक नहीं पता कि ये किसका प्रतिनिधित्व करते हैं।”
राष्ट्रव्यापी सर्वेक्षण के मुताबिक, टेक्सास के सीनेटर क्रूज 28 फीसदी मतों के साथ रिपब्लिकन प्रत्याशी के रूप में लोगों की पहली पसंद हैं। ट्रंप 26 फीसदी मत के साथ दूसरे नंबर पर हैं। सीनेटर मार्को रुबियो 17 फीसदी के साथ तीसरे, ओहियो गर्वनर जान काशिच 11 फीसदी के साथ चौथे, न्यूरोसर्जन बेन कार्सन 10 फीसदी मतों के साथ पांचवें और फ्लोरिडा के गर्वनर जेब बुश चार फीसदी मतों के साथ छठे और आखिरी स्थान पर हैं।
यह सर्वेक्षण न्यू हैंपशायर में ट्रंप की जीत के बाद किया गया। बीते महीने हुए सर्वेक्षण में इससे बिलकुल उलटा नतीजा सामने आया था। उसमें ट्रंप, क्रूज से 13 अंकों से (20 के मुकाबले 33 फीसदी) आगे थे।
नया मत सर्वेक्षण ऐसे कई अन्य सर्वेक्षणों के बाद आया है जिसमें ट्रंप को साउथ कैरोलिना में और राष्ट्रीय स्तर पर भी बढ़त दिखाई गई है।
ब्लूमबर्ग राजनैतिक सर्वेक्षण के मुताबिक, साउथ कैरोलिना में ट्रंप ने क्रूज पर बहुत अच्छी बढ़त बनाई हुई है। ट्रंप को 36 फीसदी लोगों का और क्रूज को 17 फीसदी लोगों का समर्थन हासिल है। जेब बुश और मार्को रुबियो के बीच तीसरे स्थान के लिए कांटे की टक्कर है।
dharmpath.com dharmpath