Tuesday , 30 April 2024

ब्रेकिंग न्यूज़
Home » भारत » तेदेपा ने राजग से समर्थन वापस लिया (लीड-1)

तेदेपा ने राजग से समर्थन वापस लिया (लीड-1)

नई दिल्ली/अमरावती, 16 मार्च (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश की सत्तारूढ़ तेलुगू देसम पार्टी (तेदेपा) शुक्रवार को भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से अलग हो गई।

तेदेपा ने केंद्र सरकार द्वारा आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा नहीं दिए जाने की वजह से सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश करने का भी फैसला किया है।

तेदेपा के राज्यसभा सांसद वाई.एस. चौधरी ने आईएएनएस को बताया, “हां, हमारी पार्टी (तेदेपा) राजग गठबंधन से अलग हो गई है।”

आंध्र के मुख्यमंत्री व तेदेपा अध्यक्ष चंद्रबाबू नायडू ने शुक्रवार को पोलितब्यूरोके वरिष्ठ नेताओं और सांसदों के साथ टेलीकॉन्फ्रेंस के दौरान यह फैसला लिया।

इससे पहले आठ मार्च को तेदेपा के दो मंत्रियों अशोक गजपति राजू और वाई.एस. चौधरी ने नरेंद्र मोदी मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था।

राजू नागरिक उड्डयन मंत्री और चौधरी विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री के पद पर काबिज थे।

राजग सरकार के 2014 में सत्ता में आने के बाद तेदेपा इस गठबंधन से अलग होने वाली पहली पार्टी है।

उन्होने गुरुवार को कहा था कि तेदेपा किसी भी पार्टी द्वारा सरकार द्वारा अविश्वास प्रस्ताव लाए जाने को समर्थन देने के लिए तैयार है।

नायडू ने शुक्रवार को टेलीकॉन्फ्रेस के दौरान कहा कि पार्टी को अपने बलबूते सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश करना चाहिए न कि प्रतिद्वंदी पार्टी वाईएसआर कांग्रेस द्वारा अविश्वास प्रस्ताव पेश करने का समर्थन करना चाहिए।

सूत्रों ने बताया कि नायडू ने इस संदर्भ में तेदेपा के सांसद थोटा नरसिम्हन को लोकसभा सचिवालय को नोटिस सौंपने के लिए कहा है।

तेदेपा प्रमुख ने कहा कि यदि तेदेपा ऐसी किसी पार्टी द्वारा पेश अविश्वास प्रस्ताव का समर्थन करती है, जिसके नेता पर गंभीर आरोप है, तो इससे जनता के बीच गलत संदेश जाएगा।

नायडू ने कहा कि उनकी पार्टी अविश्वास प्रस्ताव के लिए अन्य दलों से समर्थन मांगेगी।

तेदेपा ने राजग से समर्थन वापस लिया (लीड-1) Reviewed by on . नई दिल्ली/अमरावती, 16 मार्च (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश की सत्तारूढ़ तेलुगू देसम पार्टी (तेदेपा) शुक्रवार को भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग नई दिल्ली/अमरावती, 16 मार्च (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश की सत्तारूढ़ तेलुगू देसम पार्टी (तेदेपा) शुक्रवार को भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग Rating:
scroll to top