हैदराबाद, 30 जुलाई (आईएएनएस)। केंद्र सरकार जहां आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा दिए जाने को दरकिनार करती आ रही है, वहीं तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) अब इस मुद्दे पर नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार पर दबाव बनाने की तैयारी कर रही है।
केंद्र की राजग सरकार में घटक दल तेदेपा रविवार को होने वाली अहम बैठक में अपनी रणनीति तैयार करेगी।
तेदेपा के अध्यक्ष और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने विजयवाड़ा में पार्टी सांसदों और वरिष्ठ नेताओं की बैठक बुलाई है।
इस बैठक में केंद्र सरकार पर दबाव बनाने के लिए अपनाई जाने वाली रणनीति पर चर्चा होगी। तेदेपा अपनी इस रणनीति को इस समय चल रहे संसद के मानसून सत्र में अमली जामा पहना सकती है।
तेदेपा केंद्र सरकार द्वारा आंध्र प्रदेश पुनर्गठन अधिनियम में जताई गई प्रतिबद्धता पूरा न करने और राज्य के विभाजन के बाद अपेक्षित मदद न मिलने को लेकर नाराज है।
इस बीच तेदेपा के दो सांसदों ने शनिवार को कहा कि वे इस्तीफा देने के लिए तैयार हैं। तेदेपा के लोकसभा सदस्यों मुरली मोहन और के. नानी ने कहा कि वे राज्य को विशेष दर्जा दिलाने के लिए कोई भी कुर्बानी करने को तैयार हैं।
गौरतलब है कि केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने शुक्रवार को राज्यसभा में कहा कि आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा नहीं दिया जाएगा, लेकिन जब तक राज्य आर्थिक रूप से सुदृढ़ नहीं हो जाता केंद्र सरकार उसकी पूरी मदद करेगी।
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने हालांकि केंद्र सरकार के रुख पर निराशा जताते हुए कहा कि आंध्र प्रदेश के साथ अन्याय हुआ है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आंध्र के मुद्दे पर उदासीन रही है और राज्य विभाजन के लिए कांग्रेस पर ठीकरा फोड़ने के अलावा उन्होंने कुछ नहीं किया।
dharmpath.com dharmpath