नई दिल्ली नवंबर (आईएएनएस)। तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के सांसद रायपति संबाशिवा राव ने शुक्रवार को विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को अपनी किडनी देने की पेशकश की। सुषमा की किडनी फेल हो गई है और उन्हें एक उपयुक्त किडनी दाता की तलाश है।
सुषमा को लिखे पत्र में राव ने कहा है, “आपकी स्वास्थ्य समस्याओं के बारे में सुनकर मुझे बहुत दुख हुआ है कि आपकी किडनी फेल हो गई है। चूंकि एम्स के चिकित्सकों ने आपको जल्द से जल्द किडनी प्रत्यारोपण की सलाह दी है, लिहाजा मैडम अगर आप किडनी दान के मेरे प्रस्ताव को स्वीकार करें, तो आपका बड़ा आभारी रहूंगा।”
उल्लेखनीय है कि 73 वर्षीय सांसद आंध्र प्रदेश में नरसारावपेट निर्वाचन क्षेत्र से हैं।
एम्स के चिकित्सकों के मुताबिक, किडनी दाता की तलाश जारी है और उपयुक्त दाता मिल जाने के बाद सुषमा के प्रत्यारोपण की तारीख तय कर दी जाएगी।
उल्लेखनीय है कि सुषमा को सात नवंबर को किडनी में दिक्कत के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
सुषमा(64) ने बुधवार (16 नवंबर) को अपने ट्विटर अकाउंट पर लिखा था, “मैं किडनी फेल होने की वजह से इस वक्त एम्स में भर्ती हूं। इस वक्त मैं डायलसिस पर हूं। किडनी प्रत्यारोपण के लिए मेरी जांच चल रही है। भगवान कृष्णा मेरी रक्षा करेंगे।”
dharmpath.com dharmpath