तेलंगाना के अस्पताल में चिकित्सकों की हड़ताल जारी

हैदराबाद, 1 अगस्त (आईएएनएस)। तेलंगाना की राजधानी स्थित राजकीय उस्मानिया जनरल अस्पताल (ओजीएच) के जूनियर चिकित्सकों ने बेहतर सुरक्षा की मांग को लेकर मंगलवार को भी अपनी हड़ताल जारी रखी।

जूनियर चिकित्सकों की अनिश्चितकालीन हड़ताल रविवार की रात से शुरू हुई, जब एक महिला मरीज की इलाज के दौरान मौत हो जाने पर उसके चार तीमारदारों ने दो जूनियर चिकित्सकों पर हमला किया।

आवासीय शल्य चिकित्सकों सहित करीब 250 जूनियर चिकित्सकों ने आपातकालीन सेवाओं के अलावा अपनी ड्यूटी का बहिष्कार किया। उन्होंने हमले में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई और सुरक्षा बढ़ाने की मांग की।

देश के सबसे पुराने अस्पतालों में से एक उस्मानिया अस्पताल में हड़ताल से मरीजों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। हड़ताल के दूसरे दिन बाह्य रोगी ब्लॉक में सेवाएं बाधित रहीं।

जूनियर चिकित्सकों ने अफजलगंज पुलिस थाने में एक शिकायत दर्ज कराई और आरोपियों के गैर जमानती धाराओं में गिरफ्तारी की मांग की।

चिकित्सकों पर बढ़ते हमले के के खिलाफ यह हड़ताल तेलंगाना जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन ने बुलाई है। चिकित्सकों ने कहा कि एक महीने में ओजीएच में यह हमले की चौथी घटना है।

ओजीएच अधीक्षक जी.वी.एस. मूर्ति ने सोमवार को उनकी मांगों को लेकर एक समिति बनाई और तीन दिनों के भीतर एक रिपोर्ट देने को कहा।

हालांकि, एसोसिएशन ने हड़ताल को वापस लेने से इनकार किया और कहा है कि वह रिपोर्ट को देखने के बाद अपने अगले कदम के बारे में फैसला लेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493