हैदराबाद, 12 दिसम्बर (आईएएनएस)। तेलंगाना विधानसभा चुनाव में निर्वाचित होने के 24 घंटों के भीतर ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक के एकमात्र विधायक के. चंदर पटेल ने तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) में शामिल होने की अपनी इच्छा की घोषणा की।
रामागुंडम निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित चंदर ने बुधवार को टीआरएस प्रमुख व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव के बेटे के.टी. रामाराव से मुलाकात की और पार्टी में शामिल होने की अपनी इच्छा व्यक्त की।
चंदर ने टीआरएस के अपने करीबी प्रतिद्वंद्वी एस. सत्यनारायण को 26 हजार वोटों से हराया था।
चंदर ने 2009 में टीआरएस टिकट पर चुनाव लड़ा था लेकिन उन्हें हार का मुंह देखना पड़ा था। 2014 में उन्हें टीआरएस ने टिकट नहीं दिया था, जिसके बाद उन्होंने फॉरवर्ड ब्लॉक के उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा लेकिन उन्हें सत्यनारायण के हाथों 2,200 वोटों से शिकस्त झेलनी पड़ी थी।
टीआरएस ने 119 सदस्यीय विधानसभा में 88 सीटों पर कब्जा जमाया है।
dharmpath.com dharmpath