हैदराबाद, 25 जून (आईएएनएस)। तेलंगाना में ट्रक संचालकों ने राज्य सरकार से अपनी मांगों को पूरा करने का आश्वासन मिलने पर गुरुवार को अपनी अनिश्चितकालीन हड़ताल वापस ले ली।
हड़ताल खत्म करने पर सहमति तेलंगाना ट्रक मालिक संघ (टीएलओए) और तेलंगाना के परिवहन मंत्री महेंद्र रेड्डी तथा अन्य मंत्रियों की बैठक में बनी।
राज्य सरकार के मंत्रियों ने ट्रक मालिकों की मांगों पर विचार करने के लिए एक समिति बनाने का वादा किया।
तेलंगाना में ट्रक संचालकों की हड़ताल मंगलवार मध्यरात्रि से शुरू हुई, जिसके कारण 3.5 लाख से अधिक ट्रकों का परिचालन ठप्प हो गयाथा। ट्रकों की हड़ताल के कारण हैदराबाद और तेलंगाना के अन्य नौ जिलों में सब्जियों तथा अन्य आवश्यक सामग्रियों की आपूर्ति प्रभावित हुई थी।
ट्रक संचालक आंध्र प्रदेश के विभाजन के बाद तेलंगाना सरकार से करों में कटौती की मांग कर रहे थे। उनका तर्क था कि 23 जिलों में वाहनों के परिवहन के लिए 7,000 रुपये का तिमाही कर उस समय से बना हुआ है जब आंध्र प्रदेश का विभाजन नहीं हुआ था। राज्य के विभाजन के बाद अब तेलंगाना सरकार को कर की यह राशि घटानी चाहिए।
ट्रक मालिकों की एक अन्य बड़ी मांग दोनों राज्यों के बीच एकल परमिट समझौता भी है, ताकि एक निश्चित कर अदायगी के बाद वाहन दोनों राज्यों के बीच चल सकें।
dharmpath.com dharmpath