तेलंगाना में स्वाइन फ्लू से अब तक 10 लोगों की मौत

हैदराबाद, 20 जनवरी (आईएएनएस)। स्वाइन फ्लू से पीड़ित एक महिला का यहां शुक्रवार को सरकारी गांधी अस्पताल में निधन हो गया। इसे मिलाकर तेलंगाना राज्य में अगस्त 2016 से लेकर अब तक स्वाइन फ्लू से 10 लोगों की मौत हो चुकी है।

बहादुरपुरा निवासी 46 वर्षीय महिला का बीते 16 जनवरी से अस्पताल में इलाज चल रहा था।

इस अस्पताल में एक जनवरी से लेकर अब तक चार लोगों की स्वाइन फ्लू से मौत हो चुकी है। यह सभी महिलाएं थीं।

गांधी अस्पताल के अधीक्षक वेंकटेश्वर रेड्डी ने कहा कि स्वाइन फ्लू से पीड़ित लोगों के लिए एक विशेष वार्ड खोला गया है।

स्वास्थ्य अधिकारियों ने स्वाइन फ्लू के मामलों में बढ़ोतरी को ठंड से जोड़ा है और लोगों को हर तरह का एहतियात बरतने की सलाह दी है।

उनके मुताबिक, एक अगस्त, 2016 से 18 जनवरी, 2017 तक 3,033 नमूनों की जांच की गई, जिनमें से 152 नमूने स्वाइन फ्लू पॉजिटिव पाए गए।

केवल बुधवार को 43 नमूनों की जांच की गई, जिनमें छह नमूने पॉजिटिव पाए गए।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि स्वाइन फ्लू के पहले लक्षण जैसे तेज ज्वर, छींक, खांसी तथा बदन दर्द होने पर वे अस्पताल जाएं।

विभाग ने अस्पतालों से स्वाइन फ्लू के संदिग्ध मरीजों को अलग रखने और उनके रक्त नमूनों को हैदराबाद के इंस्टीट्यूट ऑफ प्रीवेंटिव मेडिसिन (आईपीएम) भेजने को कहा है।

अधिकारियों ने कहा कि पर्याप्त मात्रा में स्वाइन फ्लू की औषधि मेडिकल कॉलेजों, जिला व क्षेत्रीय अस्पतालों को मुहैया कराई गई है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493