हैदराबाद, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने रविवार को पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारे गए पांच विचाराधीन कैदियों की मौत की जांच विशेष जांच दल (एसआईटी) द्वारा कराने के आदेश दिए हैं।
राव ने मुख्य सचिव राजीव शर्मा को निर्देश दिए हैं कि वह सोमवार को एसआईटी की नियुक्ति का आदेश जारी करें।
मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री ने यह फैसला इस मामले पर कुछ संगठनों और व्यक्तियों द्वारा संदेह जाहिर करने की बात को ध्यान में रखते हुए लिया है।
उल्लेखनीय है कि छह अप्रैल को पुलिस ने नलगोंडा जिले के अलेर में पांच विचाराधीन कैदियों को वारंगल केंद्रीय कारागार से हैदराबाद ले जाते समय गोली से मार गिराया था। पुलिस का दावा है कि पांचों कैदी पुलिस के हथियार छीनकर भागने की कोशिश कर रहे थे।
विचाराधीन कैदियों के परिजनों, मुस्लिम संगठनों और नागरिक अधिकार समूहों ने इस मुठभेड़ को झूठा करार दिया था।
dharmpath.com dharmpath