त्रिपुरा उपचुनाव : मतदान शनिवार को

अगरतला, 26 जून (आईएएनएस)। त्रिपुरा की दो विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए शनिवार को मतदान होगा। इस चुनाव में सत्ताधारी वाम दल और विपक्षी पार्टियां कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अधिक से अधिक राजनीतिक लाभ हासिल करने का प्रयास कर रही हैं।

विधानसभा की दोंनों सीटें (प्रतापगढ़ और सूरमा) अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं।

राज्य की वामपंथी सरकार की सबसे बड़ी सहयोगी पार्टी मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की प्रतापगढ़ और सूरमा विधानसभा क्षेत्रों में स्थिति मजबूत है। हालांकि विपक्षी दलों, कांग्रेस और भाजपा का दावा है कि पिछले चुनाव की तुलना में इस बार उनकी चुनावी संभावनाएं कहीं बेहतर स्थिति में हैं।

दोनों विधासभा क्षेत्रों में मतदाताओं को लुभाने के लिए सभी पार्टियों के शीर्ष नेताओं ने रैलियां की। माकपा के पोलित ब्यूरो सदस्य और राज्य के मुख्यमंत्री माणिक सरकार, कांग्रेस की राज्य इकाई के प्रमुख बिराजित सिन्हा, नेता पतिपक्ष (कांग्रेस) सुदीप रॉय बर्मन और भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष सुधींद्र दास गुप्ता ने कई रैलियों को संबोधित किया।

देश के एकमात्र वाम-शासित राज्य में हाल ही में हुए 30 सीटों वाले त्रिपुरा जनजातीय क्षेत्र स्वायत्त जिला परिषद के चुनावों और पिछले साल के पंचायत चुनावों में भाजपा की स्थिति में हालांकि काफी सुधार हुआ है।

दास गुप्ता ने कहा, “हमें अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है.. हमारे उम्मीदवार कांग्रेस के उम्मीदवारों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन करेंगे। यह भी हमारे लिए लाभकारी ही होगा।”

भाजपा ने प्रतापगढ़ से मौसमी दास और सूरमा से आशीष दास को चुनावी मैदान में उतारा है।

माकपा की केंद्रीय समिति के सदस्य और रपार्टी की राज्य इकाई के सचिव बिजन धर ने कहा, “माकपा न केवल दोनों विधानसभा सीटों पर दोबारा से जीत हासिल करेगी बल्कि इसके वोट प्रतिशत में भी इजाफा होगा।”

माकपा के दिग्गज नेता और पूर्व मंत्री अनिल सरकार (प्रतापगढ़) और पूर्व मंत्री सुधीर दास (सूरमा) के निधन के बाद उपचुनाव जरूरी हो गया था। अनिल सरकार 1978 से लगातार आठ बार से अपनी सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे थे, वहीं सुधीर दास ने 1993 के बाद से लगातार पांच बार अपने विधानसभा क्षेत्र पर जीत दर्ज की थी।

पश्चिमी त्रिपुरा की प्रतापगढ़ सीट पर 50,018 मतदाता पांच उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे, वहीं उत्तरी त्रिपुरा की सूरमा सीट पर 42,052 मतदाता चार उम्मीदवारों की किस्मत तय करेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493