अगरतला, 26 जनवरी (आईएएनएस)। राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी ने शनिवार को 70 वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर लोगों से त्रिपुरा को एक आदर्श राज्य बनाने में मदद करने का आग्रह किया।
राज्यपाल ने यहां असम राइफल्स मैदान में ध्वजारोहण करने के बाद कहा, “त्रिपुरा सरकार ने अगले कुछ वर्षो में त्रिपुरा को एक आदर्श राज्य बनाने के लिए कई कदम उठाए हैं। सभी लोगों को राज्य सरकार के प्रयास में सहयोग देना चाहिए।”
उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने और पारदर्शी शासन प्रदान करने के लिए, राज्य सरकार बड़ी संख्या में योजनाओं, परियोजनाओं और सेवाओं में विभिन्न प्रौद्योगिकियों का उपयोग कर रही है।
सोलंकी ने कहा कि मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब ने भी राज्य को ‘नशा मुक्त’ बनाने के लिए एक सशक्त मिशन शुरू किया है।
उन्होंने कहा, “पिछले 10 महीनों के दौरान, राज्य के विभिन्न हिस्सों में 67,000 किलोग्राम भांग जब्त की गई है। नशीली दवाओं से संबंधित गतिविधियों पर अंकुश लगाने के साथ ही महिलाओं के खिलाफ सामान्य अपराध और हिंसा में भी काफी हद तक कमी आई है।”
राज्यपाल ने कहा, “राज्य में श्वेत क्रांति लाने के लिए, मुख्यमंत्री ने 10,000 परिवारों को उनके आर्थिक सशक्तिकरण के लिए और राज्य में दूध की उपलब्धता बढ़ाने के लिए 5,000 गायों को उपलब्ध कराने की घोषणा की है।”
राज्यपाल ने पुलिस विभाग में महिलाओं के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की राज्य सरकार की योजना के बारे में भी बताया।
सोलंकी ने कहा कि कनेक्टिविटी में सुधार के लिए, केंद्र ने त्रिपुरा को जोड़ने वाली कई एक्सप्रेस ट्रेनें शुरू की हैं। अगरतला हवाईअड्डे को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए त्रिपुरा और बांग्लादेश के बीच एक नए जल-मार्ग को बनाने के लिए पहले से ही प्रक्रिया शुरू हो गई है।
dharmpath.com dharmpath