त्रिपुरा को रिकॉर्ड खाद्य उत्पादन के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार

अगरतला, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय ने छोटी श्रेणी के राज्यों में अनाज उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि के लिए कृषि कर्मण अवार्ड 2015-16 के लिए त्रिपुरा का चयन किया है।

त्रिपुरा को दूसरी बार राष्ट्रीय पुरस्कार मिला है। पूर्वोत्तर राज्य को पहली बार वित्त वर्ष 2009-10 में यह पुरस्कार मिला था।

त्रिपुरा के कृषि मंत्री अघोरे देबबर्मा ने आईएएनएस से कहा, “हमें मंत्रालय से एक सूचना मिली कि त्रिपुरा का चयन कृषि कर्मण अवार्ड 2015-16 के लिए किया गया है।”

त्रिपुरा के कृषि विभाग के एक अधिकारी ने मंत्रालय के पत्र के हवाले से कहा कि कुल अनाज उत्पादन में तमिलनाडु को बड़ी श्रेणी में (एक करोड़ टन से ज्यादा के उत्पादन), हिमाचल प्रदेश को मध्यम श्रेणी में (10 लाख टन से एक करोड़ टन) और त्रिपुरा को छोटी श्रेणी (10 लाख टन से कम) में पुरस्कार दिया गया है।

प्रत्येक पुरस्कार विजेता राज्य को नई दिल्ली में एक समारोह में एक ट्रॉफी, प्रशस्ति पत्र और पांच करोड़ रुपये नकद दिए जाएंगे।

आधिकारिक दस्तावेज के मुताबिक, त्रिपुरा ने 2016 में 825,000 टन का अनाज उत्पादन किया है और अगले कुछ सालों में अनाज में आत्मनिर्भरता हासिल करने के लिए राज्य योजना बना रहा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493