बचपन से खलनायकों का प्रशंसक रहा हूं : चंकी

मुंबई, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। हाल ही में रिलीज फिल्म ‘बेगम जान’ में खलनायक की भूमिका में नजर आए बॉलीवुड अभिनेता चंकी पांडे का कहना है कि वह बचपन से ही खलनायकों के प्रशंसक रहे हैं।

फिल्म की रिलीज के बाद एक साक्षात्कार में चंकी ने यह बात कही।

चंकी ने कहा, “मैं बचपन से ही खलनायकों का प्रशंसक रहा हूं। आखिरकार मुझे ऐसा किरदार निभाने का मौका मिला। मुझे दो महिलाओं से काफी खतरनाक प्रतिक्रियाएं भी मिलीं।”

उन्होंने कहा, “फिल्म की स्क्रीनिंग के दौरान ये दो महिलाएं मेरे पीछे बैठी हुई थीं और जब उन्हें पता चला कि मैं उनके पास बैठा हूं, वे वहां से चली गईं।”

हास्य प्रधान और नकारात्मक किरदार निभाने के बाद चंकी अब ऐसा किरदार निभाना चाहते हैं, जिससे वह दर्शकों को भावुक कर सकें।

चंकी ने कहा, “मैंने हास्य प्रधान किरदार निभाए हैं और अब मैंने नकारात्मक भूमिका भी निभा ली है। अब मुझे लगता है कि मैं एक भावनात्मक किरदार निभाना चाहता हूं, ताकि उसे देखकर दर्शकों की आंखें नम हो जाएं।”

अभिनेता ने कहा कि एक खलनायक से अधिक उनके लिए हास्य भूमिका निभाना मुश्किल है, क्योंकि यह पूरी तरह से पटकथा और आपके किरदार के लिए लिखे गए संवादों पर आधारित होती है।

‘बेगम जान’ फिल्म के सेट की कुछ यादों को ताजा करते हुए चंकी ने कहा कि विद्या बालन से उनकी पहली मुलाकात मजेदार थी।

वह विद्या से मिलने उनकी वैनिटी वैन में अपने किरदार के रूप में तैयार होकर गए, जिसे देखकर अभिनेत्री डर गईं। चंकी के लिए विद्या की यह प्रतिक्रिया प्रशंसा के समान थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493