अगरतला, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। त्रिपुरा में एक ऑटो रिक्शा के ट्रेन से टकराने की घटना में दो भाइयों की मौत हो गई, जबकि उनकी मां गंभीर रूप से घायल हो गईं।
पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि रविवार को मेखलीपाड़ा में ऑटो रिक्शा में तेज रफ्तार ट्रेन के टक्कर मारने की घटना में सुदीप सरकार (32), उनके छोटे भाई समीर सरकार (27) और उनकी बीमार मां गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
उन्होंने कहा कि सुदीप तथा समीर ने गोविंद वल्लभ पंत मेडिकल अस्पताल में दम तोड़ दिया, जबकि उनकी मां की हालत गंभीर बनी हुई है।
दोनों भाई अपनी बीमार मां को एक ऑटो रिक्शा से इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जा रहे थे, जिस दौरान ऑटो रेल की पटरियों के बीच फंस गया।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा, “दुर्घटना होने से पहले दोनों भाइयों ने फंसे ऑटो रिक्शा को पटरियों के बीच से निकालने और मां को बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन वे नाकाम रहे।”
उन्होंने कहा कि मेखलीपाड़ा रेलवे लाइन पर लेवल-क्रॉसिंग नहीं है, जिसके कारण इलाके में दुर्घटनाओं में कई जानें जा चुकी हैं।
dharmpath.com dharmpath