त्रिपुरा : माकपा ने 2 लोकसभा सीटों पर मौजूदा सांसदों को उम्मीदवार बनाया

अगरतला, 12 मार्च (आईएएनएस)। त्रिपुरा में मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नीत वाम मोर्चा ने मंगलवार को यहां लोकसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा की। पार्टी ने त्रिपुरा ईस्ट व त्रिपुरा वेस्ट लोकसभा सीट से मौजूदा सांसदों क्रमश जितेंद्र चौधरी और शंकर प्रसाद दत्ता को फिर से उम्मीदवार बनाया है।

नामों की घोषणा करते हुए वाम मोर्चा के संयोजक बिजन धर ने कहा कि वाम दल राज्य में कांग्रेस के साथ गठबंधन नहीं करेंगे। कांग्रेस पहले ही गठबंधन की बात सिरे से खारिज कर चुकी है।

इन दोनों लोकसभा सीटों पर कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है, क्योंकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस दोनों ही चौधरी और दत्ता से पार पाने के लिए मजबूत उम्मीदवारों की तलाश कर रही हैं।

चौधरी, वामपंथ समर्थित आदिवासी अधिकार राष्ट्रीय मंच (एएआरएम) के राष्ट्रीय संयोजक व माकपा की आदिवासी शाखा ‘त्रिपुरा राज्य उपजाती गणमुक्ति परिषद’ के अध्यक्ष हैं, जबकि दत्ता, माकपा की ट्रेड यूनियन शाखा, ‘सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन (सीटू)’ के राज्य महासचिव हैं।

भाजपा महासचिव राम माधव पार्टी उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा के लिए बुधवार को अगरतला में होंगे।

भाजपा और कांग्रेस दोनों ही 10 दिनों में नामों की घोषणा कर सकती हैं।

भाजपा सूत्रों के अनुसार, त्रिपुरा ईस्ट सीट के लिए रामपद जमातिया व अतुल देबबर्मा के नाम पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। वहीं पार्टी की राज्य महासचिव प्रतिमा भौमिक व वरिष्ठ पत्रकार प्रणब सरकार त्रिपुरा वेस्ट सीट की दौड़ में सबसे आगे हैं।

कांग्रेस सूत्रों ने कहा कि इन दोनों लोकसभा सीटों पर नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष प्रद्योत बिक्रम माणिक्य देबबर्मन और पूर्व मुख्यमंत्री समीर रंजन बर्मन प्रबल उम्मीदवार हैं।

माकपा के राज्य सचिव गौतम दास ने कहा, “हम भाजपा को हराने और केंद्र में एक धर्मनिरपेक्ष लोकतांत्रिक सरकार बनाने के लिए लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493