अगरतला, 15 मार्च (आईएएनएस)। त्रिपुरा विधानसभा के बजट सत्र से पहले राज्य सरकार ने मंगलवार को अपने 209000 कर्मचारियों और पेंशन भोगियों की महंगाई भत्ता में पांच प्रतिशत अतिरिक्त वृद्धि की घोषणा कर दी है।
मुख्यमंत्री माणिक सरकार की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक के बाद वित्तमंत्री तपन चक्रवर्ती ने कहा, “सरकार आर्थिक तंगी से जूझ रही है। बावजूद इसके कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए महंगाई भत्ता में पांच प्रतिशत की वृद्धि की गई है।”
वित्तमंत्री ने कहा कि महंगाई भत्ता में वृद्धि से सरकारी खजाना पर 162.5 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। उन्होंने कहा कि महंगाई भत्ता की नई किस्त कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को इसी महीने से मिलने लगेगी। इसका लाभ सार्वजनिक उपक्रमों और स्वायत्त निकायों के कर्मचारियों को भी मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि काफी लंबे से कर्मचारी और पेंशनभोगी केंद्र सरकार के कर्मचारियों के बराबर महंगाई भत्ता की मांग कर रहे थे। महंगाई भत्ता में अतिरिक्त वृद्धि जनवरी से प्रभावी होगी। इसके बाद राज्य सरकार के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों की महंगाई भत्ता की दर 79 प्रतिशत हो जाएगी, जबकि केंद्रीय कर्मचारियों की महंगाई भत्ता की दर 119 प्रतिशत है।
त्रिपुरा विधानसभा का बजट सत्र 18 मार्च से शुरू होने वाला है जिसमें बजट पेश किया जाएगा।
dharmpath.com dharmpath