अहमदाबाद, 15 मार्च (आईएएनएस)। गुजरात के कच्छ जिले के गांधीधाम शहर में स्पोर्ट्स कार से टक्कर मारकर भागने (हिट एंड रन) की घटना में चार लोगों की मौत हो गई और आठ अन्य लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने इस घटना के लिए गुजरात के एक उद्योगपति के बेटे को आरोपित किया है। यह जानकारी पुलिस ने मंगलवार को दी।
पुलिस ने कहा कि यह घटना सोमवार को इफ्फको गेट के सामने हुई। करीब 11.30 मिनट पर एक स्पोर्ट्स कार ने पहले एक दुपहिया, एक स्कूटी और फिर सड़क किनारे लोगों को टक्कर मार दी।
इस घटना में तीन लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई, जिसमें एक महिला भी शामिल थीं। एक अन्य घायल व्यक्ति की मौत अस्पताल में मंगलवार को हो गई। इस घटना में आठ अन्य लोग घायल भी हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस ने कहा कि घटना के बाद चालक फरार हो गया।
गुजरात एक दैनिक अखबार के मुताबिक, इस घटना में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, जबकि स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस दोषी को बचा रही है, क्योंकि वह एक स्थानीय उद्योगपति का बेटा है।
dharmpath.com dharmpath