रूस के रक्षा मंत्री सर्गे शोइगू ने लताकिया प्रांत के मेमिम हवाई अड्डे से सेना को लौटने के आदेश जारी किए। बीबीसी ने यह जानकारी दी है।
रूस के रक्षा मंत्रालय ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि इस समूह में टीयू-154 परिवहन विमान और बहुउद्देशीय एसयू-23 बमवर्षक विमान शामिल हैं। ये विमान 5,000 किलोमीटर की यात्रा कर वापस रूस पहुंचेगे।
मंत्रालय ने कहा कि प्रत्येक जत्थे की अगुवाई परिवहन विमान आईआई-76 कर रहा है, जिसमें सैन्यकर्मी और उपकरण हैं। इसके बाद समूह में लड़ाकू विमान हैं।
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने मंगलवार को सीरिया से रूसी सेनाओं को हटाने का आदेश दिया। इस आदेश जेनेवा में सीरिया शांति वार्ता से ठीक पहले दिया गया है।
रूस ने सीरिया में पिछले साल सितंबर से हवाई हमले शुरू किए थे।
वहीं, अलजजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, रूस ने यह जानकारी नहीं दी है कि कितने लड़ाकू विमानों को हटाया जाएगा।
सीरिया में तैनात रूसी सैनिकों की संख्या के बारे में कभी जानकारी नहीं दी गई, लेकिन अमेरिका के अनुमानों के मुताबिक उनकी संख्या 3,000 से 6,000 हो सकती है।
सीरिया के राष्ट्रपति बशर अल असद और पुतिन ने सोमवार को फोन पर बात की थी और सीरिया से रूसी सेनाओं को हटाने पर दोनों सहमत थे।
पुतिन ने सोमवार को कहा कि उन्हें उम्मीद है कि मंगलवार से रूसी सेनाओं की वापसी से संघर्ष के राजनीतिक समाधान को प्रोत्साहन मिलेगा।
उन्होंने कहा, “मुझे उम्मीद है कि यह फैसला सभी परस्पर विरोधी दलों के लिए एक अच्छा संकेत है और इससे सभी भागीदारों के बीच भरोसा बढ़ेगा।”
रूसी सैनिकों ने इस अभियान में अब तक 2,000 से ज्यादा विद्रोही लड़ाकूओं और 17 से ज्यादा विद्रोही नेताओं का खात्मा किया।
पुतिन ने कहा कि जो रूसी सैनिक सीरिया में बने रहेंगे वे संघर्ष विराम की निगरानी करेंगे।
dharmpath.com dharmpath