अगरतला, 11 जुलाई (आईएएनएस)। त्रिपुरा में अलग राज्य की मांग करने वाली जनजातियों की एक पार्टी ने राष्ट्रीय राजमार्ग तथा पूर्वोत्तर राज्य के एकमात्र रेलवे लाइन पर अनिश्चितकालीन नाकेबंदी मंगलवार को भी जारी रखी।
त्रिपुरा सरकार ने एक बार फिर इंडिजीनस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (आईपीएफटी) से नाकेबंदी को वापस लेने की अपील की, जिस कारण लोगों को परेशानी के अलावा, राज्य में खाद्य आपूर्ति, ईंधन तथा अन्य जरूरी वस्तुओं की किल्लत हो सकती है।
आईपीएफटी की मांग तथा आंदोलन दोनों का पुरजोर विरोध करने वाली वाम मोर्चे की सरकार ने बारामूरा पहाड़ी क्षेत्र में और उसके चारों तरफ सुरक्षा के अप्रत्याशित कदम उठाए हैं, जिससे होकर एनएच-8 राजमार्ग तथा रेलवे लाइन गुजरती है।
वेस्ट डिस्ट्रिक्ट के पुलिस प्रमुख अभिजीत सप्तर्षि ने आईएएनएस से कहा, “आंदोलनकारियों में महिलाएं भी शामिल हैं। वे शांतिपूर्वक सड़कों व रेलवे लाइन पर परिचालन अवरुद्ध कर रहे हैं। अब तक कोई भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। हम बीते रविवार से ही हालात पर पैनी नजर बनाए हुए हैं।”
आईपीएफटी के अध्यक्ष नरेंद्र चंद्र देबबर्मा ने कहा, “अपनी मांग के समर्थन में हम राजमार्ग तथा रेलवे लाइन पर अनिश्चितकालीन अवधि तक परिचालन अवरुद्ध करना तब तक जारी रखेंगे, जब तक कि केंद्र सरकार हमारी मांग पर सकारात्मक आश्वासन नहीं देती। इसी मांग को को लेकर हम 23 अगस्त को अगरतला में एक रैली भी निकालेंगे।”
dharmpath.com dharmpath