त्रिपुरा में तृणमूल कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष भाजपा में शामिल

अगरतला, 17 जून (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को कहा कि तृणमूल कांग्रेस की त्रिपुरा इकाई के संस्थापक अध्यक्ष तथा निवर्तमान उपाध्यक्ष अरुण चंद्र भौमिक व अन्य नेता भाजपा में शामिल हो गए हैं।

भाजपा की त्रिपुरा इकाई के मीडिया प्रभारी विक्टर शोम ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, “दक्षिणी त्रिपुरा के बेलोनिया में शुक्रवार को एक रैली के दौरान तृणमूल नेता अरुण चंद्र भौमिक, अर्जुन सरकार तथा बादल सरकार अपने 720 समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए।”

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के स्थानीय नेता राजेश्वर सेन भी भाजपा में शामिल हो गए।

पेशे से दिग्गज वकील भौमिक ने कहा कि केवल भाजपा ही सत्ताधारी वाम मोर्चे को राज्य में अगले साल फरवरी में होने वाले विधानसभा चुनाव में उखाड़ फेंक सकती है।

इससे पहले, तृणमूल कांग्रेस तथा कांग्रेस के कई नेता अपने समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो चुके हैं।

बेलोनिया में एक रैली को संबोधित करते हुए राज्य भाजपा अध्यक्ष बिप्लब कुमार देब ने कहा कि उनकी पार्टी राज्य में अकेले चुनाव लड़ेगी और सभी 60 विधानसभा क्षेत्रों में अपने उम्मीदवार उतारेगी।

देब ने संवाददाताओं से कहा, “हमने अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में भावी उम्मीदवारों के बारे में अध्ययन करने के लिए लिए एक निजी एजेंसी से संपर्क किया है। हम उन लोगों को भाजपा की तरफ से उम्मीदवार बनाएंगे, जिनके चुनाव जीतने की संभावना सर्वाधिक होगी। बेहतरीन उम्मीदवारों के चयन में पक्षपात नहीं किया जाएगा।”

भाजपा ने त्रिपुरा में सत्ताधारी वाम मोर्चा सरकार को हराने पर जोर दिया है।

भाजपा के एक नेता ने कहा, “वाम मोर्चा के शासन वाले त्रिपुरा में अपनी राजनीतिक पैठ बनाने के लिए पिछले तीन वर्षो के दौरान भाजपा के 45 से अधिक मंत्रियों तथा पार्टी के केंद्रीय स्तर के कई नेताओं ने राज्य का दौरा किया है। भाजपा सांसदों के अलावा, असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल तथा वित्त, स्वास्थ्य व परिवार कल्याण एवं शिक्षा मंत्री हिमंत विश्व शर्मा तथा असम के कई अन्य मंत्रियों ने राज्य (त्रिपुरा) में पार्टी के पक्ष में प्रचार किया है।”

भाजपा के नेतृत्व वाली पूर्वोत्तर जनतांत्रिक गठबंधन (पूजग) के संयोजक शर्मा त्रिपुरा में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कई जनजातीय पार्टियों के समर्थन के लिए बातचीत कर रहे हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493