त्रिपुरा में भाजपा कार्यकर्ताओं, पुलिस में झड़प, कई घायल

अगरतला, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। त्रिपुरा में मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास के घेराव का प्रयास कर रहे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं तथा पुलिस के बीच शनिवार को झड़प हो गई। भाजपा कार्यकर्ता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के वाहन को क्षतिग्रस्त किए जाने के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे।

झड़प के दौरान, भाजपा के तीन कार्यकर्ता तथा चार पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनमें एक महिला सिपाही भी शामिल है।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा, “झड़प तब हुई, जब पुलिस ने मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास के घेराव का प्रयास कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने का प्रयास किया।”

उन्होंने कहा कि इससे पहले भाजपा नेता जवाहर साहा तथा सुबल भौमिक के नेतृत्व में भाजपा के करीब 150 कार्यकर्ताओं ने शहर में एक विरोध रैली निकाली और मुख्यमंत्री माणिक सरकार के आधिकारिक आवास के घेराव का प्रयास किया।

पुलिस अधिकारी ने कहा कि शुक्रवार देर रात एक ट्रक में सवार एक स्थानीय क्लब के सदस्यों ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बिप्लब देब की गाड़ी में टक्कर मार दी। वह गाड़ी देव के घर के सामने खड़ी थी।

जब वाहन चालक ने घटना पर विरोध जताया, तो क्लब के सदस्यों से उसकी कहासुनी हो गई, जिस दौरान भाजपा अध्यक्ष के अंगरक्षक ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से गोली चला दी।

घटना के वक्त देब घर में ही थे। उन्होंने संवाददाताओं व पुलिस से कहा कि क्लब के सदस्य सत्तारूढ़ मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के समर्थक थे, जिन्होंने उनपर हमले का प्रयास किया।

घटना की निंदा करते हुए तृणमूल कांग्रेस के विधायक सुदीप रॉय बर्मन ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के लिए अधिक सुरक्षा की मांग की।

घटना को ‘फर्जी’ करार देते हुए माकपा के राज्य सचिव बिजन धर ने कहा कि घटना उस वक्त हुई, जब एक स्थानीय क्लब के सदस्य देवी दुर्गा की मूर्ति विसर्जित करने के बाद लौट रहे थे।

धर ने कहा, “घटना में माकपा समर्थक कहां से आ गए? भाजपा राजनीतिक फायदे के लिए सड़क पर घटी एक छोटी सी दुर्घटना को बड़ा मुद्दा बना रही है, क्योंकि उनके पास तथा अन्य विपक्षी पार्टियों के पास वाम मोर्चे के खिलाफ कोई मुद्दा नहीं बचा है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493