बैंकॉक, 11 मई (आईएएनएस)। थाईलैंड-मलेशिया के सीमाई इलाके में जंगल में भटके कई रोहिंग्या प्रवासियों को सोमवार को बचा लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने कहा कि नौ बच्चों सहित 26 रोहिंग्या का एक समूह थाईलैंड के दक्षिणी प्रांत सॉन्गक्ला जंगल में मिला, जो संदिग्ध मानव तस्करों द्वारा छोड़े जाने के बाद पिछले दो सप्ताह से भटक रहे थे।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की एक रपट के मुताबिक, थके-हारे व भूखे दिख रहे प्रवासियों को भोजन तथा एक स्थानीय मस्जिद में अस्थायी तौर पर रहने की जगह मुहैया कराई गई।
म्यांमार के रेखिन राज्य में सांप्रदायिक हिंसा फैलने के बाद मुस्लिम रोहिंग्या नाव से अंडमान सागर होते हुए थाईलैंड के दक्षिणी प्रांत सातुन पहुंचे, जो सॉन्गक्ला के पड़ोस में स्थित है।
पुलिस ने कहा कि वे कथित तौर पर मलेशिया जा रहे थे, लेकिन मानव तस्करों का शिकार हो गए, जिन्होंने उनसे पैसे ऐंठ लिए।
इस महीने की शुरुआत में जंगल से 80 रोहिंग्या व 15 बांग्लादेशियों को बचाया गया था, जबकि जंगल में एक अस्थायी कब्रिस्तान से 33 मृतक प्रवासियों के अवशेष पाए गए थे, जो मलेशिया के पेर्लिस स्टेट से मुश्किल से आधे किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।
dharmpath.com dharmpath