बैंकॉक, 2 जनवरी (आईएएनएस)। आसियान के पूर्व महासचिव सुरीन पित्सुवान ने उस खबर से इनकार किया है, जिसमें कहा गया है कि उनका इरादा थाईलैंड के प्रधानमंत्री बनने के उद्देश्य से डेमोक्रेट पार्टी के नेतृत्व की दौड़ में शामिल होना है।
‘बैंकॉक पोस्ट’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, डेमोक्रेट पार्टी से सात बार सांसद रहे सुरीन ने कहा कि थाई रथ डेली समाचार पत्र में शुक्रवार को प्रकाशित रिपोर्ट बिल्कुल निराधार है।
समाचार पत्र की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सुरीन पार्टी के नेतृत्व पद के लिए चुनाव लड़ने का मन बना रहे हैं। पार्टी का नेतृत्वकर्ता बनने के साथ ही उनके प्रधानमंत्री बनने की संभावना को बल मिलेगा।
सुरीन ने इस बात को स्वीकार किया कि जिस संवाददाता ने यह स्टोरी की है, उससे उनकी बातचीत हुई थी। उन्होंने हालांकि जोर देकर कहा कि डेमोक्रेट नेता अभिसित वेज्जाजिवा के खिलाफ चुनाव लड़ने के बारे में कभी नहीं कहा।
उन्होंने कहा कि वह संवाददाता उनसे अचानक मिला। स्टोरी प्रकाशित करने के बाद संवाददाता ने इस बात को स्वीकार किया कि वह व्यक्तिगत तौर पर चाहते हैं कि सुरीन डेमोक्रेट पार्टी का नेतृत्व करें।
dharmpath.com dharmpath