बैंकाक, 14 जनवरी (आईएएनएस)। थाईलैंड के सोंगखला प्रांत में बाल दिवस पर एक प्रदर्शनी में भाग ले रहा एक विमान शनिवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में विमान के पायलट की मौत हो गई।
समाचार पत्र बैंकाक पोस्ट के अनुसार, युद्ध कौशल दिखाने के बाद स्वीडेन निर्मित साब 39 ग्रिपेन लड़ाकू विमान हाट यई हवाईअड्डे की एक हवाई पट्टी पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
दुर्घटना के कारण लगी आग को बुझाने के लिए अग्नि शमन दल की एक गाड़ी मौके पर भेज दी गई थी और अनेक उड़ानों के मार्ग अस्थाई रूप से बदले गए थे।
प्रधानमंत्री और सत्तारूढ़ सैन्य शासन के प्रमुख प्रयुत चान-ओचा ने मृत पायलट के परिवार के प्रति अपनी शोक संवेदना व्यक्त की है। मृत पायलट का नाम दिलोकृत पटावी है।
साल 1955 के बाद से थाईलैंड में हर साल बाल दिवस जनवरी महीने के दूसरे शनिवार को मनाया जाता है। इस अवसर पर बच्चे सरकारी मुख्यालयों, संसद, प्राकृतिक उद्यानों और सैन्य बैरकोंे के साथ-साथ संगीत समारोहों और सड़कों पर दी जा रही प्रस्तुतियों का भी आवलोकन करते हैं।
dharmpath.com dharmpath