थाईलैंड में संदिग्ध महिला की तलाश

बैंकाक, 31 अगस्त (आईएएनएस)। थाईलैंड की राजधानी बैंकाक के मिन बुरी जिले में एक किराए के मकान से बम बनाने की सामग्री बरामद होने के बाद पुलिस उस थाई महिला की तलाश में जुट गई है, जिसने यह मकान किराए पर ले रखा था।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ की सोमवार को जारी रपट के अनुसार, एक सूत्र ने बताया कि पुलिस और सेना ने शनिवार को मैमुना गार्डन होम स्थित एक अपार्टमेंट में छापा मारा और बड़ी मात्रा में बम बनाने की सामग्री जब्त की, जिनमें यूरिया युक्त उर्वरक, बोतलें, फ्लैश पाउडर की बोतलें, नीली इलेक्ट्रिकल तारें और कलाई घड़ियां शामिल हैं।

इससे पहले बैंकाक में ही एक अन्य अपार्टमेंट से एक विदेशी नागरिक को बम बनाने की सामग्री के साथ गिरफ्तार किया गया था, जिसकी सूचना के आधार पर मैमुना गार्डन होम स्थित अपार्टमेंट में छापेमारी की गई।

बैंकाक में हाल ही में बम विस्फोट की दो घटनाएं घटी थीं। एरावन मंदिर में हुई बम विस्फोट की घटना में 20 लोगों की मौत हुई थी और 120 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे, जबकि दूसरा बम विस्फोट सथोर्न घाट पर हुआ था।

राष्ट्रीय पुलिस के उपप्रमुख चकथिप चैजिंदा ने बताया कि अन्य संदिग्धों की तलाश के लिए पांच इलाकों में पुलिस तैनात की गई है। उन्होंने इस संबंध में ज्यादा जानकारी नहीं दी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493