कोलकाता, 28 जून (आईएएनएस)। डेविस कप विजेता भारतीय टीम के सदस्य रहे और भारत के गैर-प्रतिस्पर्धी कप्तान जयदीप मुखर्जी ने बुधवार को भारत के शीर्ष पुरुष एकल खिलाड़ी रामकुमार रामानाथन की आठवीं विश्व रैंकिंग वाले खिलाड़ी को हराने को लेकर प्रशंसा की।
जयदीप ने कहा कि रामानाथ की आठवीं विश्व वरीयता प्राप्त टेनिस खिलाड़ी डोमिनिक थीम पर मिली जीत एक बड़ी उपलब्धि है।
विश्व रैंकिंग में 222वीं वरीयता प्राप्त रामानाथन ने मंगलवार को तुर्की में चल रहे अंताल्या ओपन के प्री-क्वार्टर फाइनल मैच में थीम को मात दी।
थीम को सीधे सेटों में 6-3, 6-2 से मात देने वाले रामानाथन का सामना क्वार्टर फाइनल में मार्कोस बगदातिस से होगा।
जयदीप ने आईएएनएस को दिए एक बयान में कहा, “यह एक बड़ी उपलब्धि है। मुझे याद है कि लिएंडर पेस ने सैम्प्रास को मात दी थी और उनके लिए यह एक बड़ी जीत थी। रामानाथन के लिए भी यह एक ऐसा ही पल है।”
पेस ने 1998 में तत्कालीन सर्वोच्च विश्व वरीयता प्राप्त पीट सैम्प्रास को पायलट पेन इंटरनेशनल टेनिस चैम्पियनशिप में सीधे सेटों में मात देकर बड़ा उलटफेर किया था। पेस ने भी इसे अपने लिए बड़ी उपलब्धि बताया था।
रामानाथन ने कहा, “मेरा समर्थन करने आए दर्शकों को मेरा शुक्रिया। मुझे ग्रास कोर्ट पर खेलना अच्छा लगता है। मैंने अपने अवसरों का फायदा उठाया और काम किया। मैंने इस जीत के लिए बहुत मेहनत की है।”
dharmpath.com dharmpath