लंदन, 29 जनवरी (आईएएनएस)। ब्रिटेन की प्रधानमंत्री थेरेसा मे शरणार्थियों पर प्रतिबंध लगाने के राष्ट्रपति ट्रंप के फैसले से सहमत नहीं हैं।
बीबीसी की रपट के मुताबिक, सात मुस्लिम देशों से शरणार्थियों के अमेरिका में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने के ट्रंप के आदेश की आलोचना करने से इंकार करने को लेकर शनिवार को थेरेसा की निंदा की गई थी।
इस आदेश से सभी शरणार्थियों और ईरान, इराक, लीबिया, सोमालिया, सूडान, सीरिया और यमन से नागरिकों के प्रवेश पर अस्थायी प्रतिबंध लग गया है और सीरियाई शरणार्थियों के प्रवेश पर अनिश्चितकाल के लिए प्रतिबंध लग गया है।
इससे पहले तुर्की में एक सम्मेलन में थेरेसा ने कहा था कि अमेरिका को अपनी नीतियों पर फैसला लेने का अधिकार है।
इस प्रतिबंध पर खुलकर निंदा करने से थेरेसा के इंकार की कंजर्वेटिव सांसदों समेत कई राजनेताओं ने आलोचना की थी।
दक्षिणी कैम्ब्रिजशायर के कंजर्वेटिव सांसद हीदी एलन ने ट्वीट किया, “मजबूत नेतृत्व का अर्थ किसी ताकतवर के बारे में निडर होकर यह कहना है कि वह गलत है।”
वहीं, लेबर पार्टी के जेरेमी कार्बिन ने कहा कि प्रधानमंत्री के इस रवैए से ब्रिटिश मूल्यों के लिए खड़े होने में उनकी नाकामी और कमजोरी जाहिर होती है।
dharmpath.com dharmpath