गुजरात में भी चलेगी नर्मदा सेवा यात्रा

भोपाल, 29 जनवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की ही तरह गुजरात में भी ‘नमामि देवी नर्मदे’ सेवा यात्रा आयोजित की जाएगी। वहां इस यात्रा का संचालन स्थानीय (गुजरात) सरकार करेगी।

नर्मदा नदी मध्य प्रदेश के अमरकंटक से निकलकर गुजरात से होकर गुजरती है। मध्य प्रदेश सरकार द्वारा नर्मदा नदी को प्रदूषण मुक्त करने के लिए यात्रा निकाली जा रही है। इस यात्रा के दौरान जगह-जगह जनसंवाद हो रहे हैं और ग्रामीणों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित किया जा रहा है। यह यात्रा अमरकंटक से 11 दिसंबर को शुरू हुई है और इसका समापन 11 मई को अमरकंटक में ही होगा।

राज्य के उद्योग व खनिज मंत्री राजेंद्र शुक्ल शनिवार को नर्मदा सेवा यात्रा में हरदा जिले में शामिल हुए। इस दौरान जनसंवाद कार्यक्रम में उन्होंने कहा, “सेवा यात्रा जीवन के महत्वपूर्ण संस्कारों से परिचित करा रही है। मध्य प्रदेश के सीमावर्ती जिले अलीराजपुर पहुंचने बाद यह यात्रा नदी के दूसरे तट की यात्रा करते हुए वापस अमरकंटक लौट आएगी, और अलीराजपुर के आगे नर्मदा नदी के किनारे इस यात्रा का संचालन गुजरात सरकार करेगी।”

यात्रा अलीराजपुर कब पहुंचेगी और गुजरात में यह यात्रा कब से शुरू होगी, इस बारे में शुक्ल ने कोई जानकारी नहीं दी।

यात्रा के स्वागत के लिए ग्रामीणों ने अपने घरों में रंगोली सजाई। स्वागत में जुटे लोगों के साथ राजेंद्र शुक्ल भी अपने को थिरकने से रोक नहीं पाए। उन्होंने विभिन्न स्थानों पर पौध-रोपण भी किया।

उल्लेखनीय है कि मप्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपानी ने 11 दिसंबर को कई सारे साधु-संतों, पर्यावरणविदों की उपस्थिति में अमरकंटक से इस यात्रा को रवाना किया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493