थोक महंगाई दर मामूली वृद्धि के बावजूद नकारात्मक (लीड-2)

नई दिल्ली, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। देश में वार्षिक थोक महंगाई दर सितंबर में भी नकारात्मक 4.54 प्रतिशत पर बनी रही। अगस्त में हालांकि यह दर नकारात्मक 4.95 प्रतिशत रही थी।

बुधवार को जारी सरकारी आंकड़ों के अनुसार, आधिकारिक थोक मूल्य सूचकांक (डब्ल्यूपीआई) के आधार पर वार्षिक महंगाई दर सितंबर में 2.38 फीसदी रही है।

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, डब्ल्यूपीआई के तीन प्रमुख उपसूचकांकों में प्राथमिक वस्तुओं और विनिर्मित उत्पादों की महंगाई दर में क्रमश: 0.4 फीसदी और 0.1 फीसदी तक की वृद्धि हुई है।

लेकिन, ईंधन और बिजली की मंहगाई दर में 1.7 फीसदी की कमी आई है।

सितंबर में खाद्य महंगाई दर में 0.69 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जबकि अगस्त में इसमें 1.13 फीसदी की गिरावट आई थी। पिछले वर्ष की समान अवधि में इसमें 3.68 प्रतिशत गिरावट आई थी।

समीक्षाधीन महीने के दौरान आम खपत की कुछ आवश्यक वस्तुओं की कीमतों ने घरेलू बजट पर खासा असर डाला है। इन वस्तुओं में प्याज और दालें शामिल हैं, जिनकी कीमतों में पिछले वर्ष की समान अवधि के मुकाबले सितंबर महीने में क्रमश: 113.70 फीसदी और 38.56 फीसदी वृद्धि हुई है।

दूध, मांस, अंडे, मछली जैसी अन्य प्रोटीन वाली खाद्य वस्तुओं की कीमतों में सितंबर में मामूली वृद्धि दर्ज की गई। सालाना आधार पर दूध 2.16 प्रतिशत महंगा हुआ, जबकि अंडा, मांस और मछली की कीमतों में 2.02 फीसदी तक वृद्धि दर्ज की गई।

जबकि, इसी अवधि में आलू और सब्जियों की कीमतें क्रमश: 57.34 फीसदी और 9.45 फीसदी नीचे आईं। चावल और अनाज की कीमतों में भी क्रमश: 3.64 प्रतिशत और 1.02 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।

थोक महंगाई का आंकड़ा सितंबर के लिए खुदरा महंगाई के आंकड़े जारी होने के बाद आया है। उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) पर आधारित खुदरा महंगाई दर सितंबर में अगस्त के 3.74 प्रतिशत की तुलना में बढ़कर 4.41 फीसदी दर्ज की गई थी।

विनिर्मित उत्पादों की श्रेणी में भी खाद्य सामग्री की कीमत में कमी आई है। सालाना आधार पर चीनी के दाम में 16.30 फीसदी की कमी आई है।

लेकिन, इसी आधार पर खाद्य तेलों की कीमत में 3.21 फीसदी की वृद्धि हुई है।

ईंधन सूचकांक में 17.71 फीसदी की कमी आई है। इसमें पेट्रोल 14.78 फीसदी और डीजल 28.06 फीसदी सस्ता हुआ है। रसोई गैस की कीमत 5.33 फीसदी गिरी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493