दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए इंडिया-ए क्रिकेट टीम की घोषणा (लीड-1)

मुंबई, 29 जून (आईएएनएस)। दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए इंडिया-ए क्रिकेट टीम की घोषणा कर दी गई है। अखिल भारतीय वरिष्ठ चयन समिति ने गुरुवार को बैठक कर टीम की घोषणा की।

इस वनडे त्रिकोणीय श्रृंखला के दौरान इंडिया-ए टीम के साथ आस्ट्रेलिया-ए और दक्षिण अफ्रीका-ए टीम भी शामिल है।

इस दौरे में इंडिया-ए टीम मेजबान दक्षिण अफ्रीका के साथ दो टेस्ट मैच खेलेगी।

इंडियन प्रीमियर लीग के इस सीजन में अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर क्रुणाल पांड्या और बासिल थम्पी को पहली बार राहुल द्रविड़ की इंडिया-ए टीम में जगह मिली है। दोनों खिलाड़ियों को 16 सदस्यीय वनडे टीम में शामिल किया गया है।

आस्ट्रेलिया-ए और दक्षिण अफ्रीका-ए टीम के खिलाफ वनडे मैचों के लिए भारतीय टीम की कमान मनीष पांडे को सौंपी गई है। वहीं टेस्ट मैचों के लिए टीम की कप्तानी करुण नायर संभालेंगे।

इस सीरीज में 26 जुलाई को इंडिया-ए टीम का सामना ग्रोएंकलूफ में आस्ट्रेलिया-ए से होगा और इसके बाद 28 जुलाई को इंडिया-ए मेजबान टीम दक्षिण अफ्रीका-ए से भिड़ेगी।

इसके बाद 30 जुलाई को आस्ट्रेलिया-ए और दक्षिण अफ्रीका-ए टीम आपस में भिड़ेंगी। इसके बाद चौथे मैच में इंडिया-ए टीम का सामना एकबार फिर आस्ट्रेलिया-ए से होगा।

दक्षिण अफ्रीका-ए और इंडिया-ए के बीच वनडे मैच तीन अगस्त और इसके बाद पांच अगस्त को आस्ट्रेलिया-ए खिलाफ खेला जाएगा।

आठ अगस्त को त्रिकोणीय सीरीज का फाइनल मैच खेला जाएगा। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका-ए और इंडिया-ए के बीच पहला चारदिवसीय टेस्ट मैच 12 अगस्त से शुरू होगा और यह 15 अगस्त को पूरा होगा।

इसके बाद दोनों टीमों के बीच दूसरा चारदिवसीय टेस्ट मैच 19 से 22 अगस्त तक खेला जाएगा।

इंडिया-ए वनडे टीम : मनीष पांडे (कप्तान), मंदीप सिंह, श्रेयस अय्यर, संजू सैमसन, दीपक हुड्डा, करुण नायर, क्रुणाल पांड्या, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), विजय शंकर, अक्षर पटेल, युजवेंद्र चहल, जयंत यादव, बासिल थम्पी और मोहम्मद सिराज।

इंडिया-ए टेस्ट टीम : करुण नायर (कप्तान), प्रियांक पांचाल, अभिनव मुकुंद, श्रेयस अय्यर, अंकित बावने, सुदीप चटर्जी, ईशान किशन (विकेटकीपर), हनुमा विहारी, जयंत यादव, शाबाज नदीम, नवदीप सैनी, मोहम्मद सिराज, शार्दुल ठाकुर, अनिकेत चौधरी और अंकित राजपूत।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493