रियो डी जनेरियो, 29 जून (आईएएनएस)। स्पेन के अग्रणी फुटबाल क्लब रियल मेड्रिड के दिग्गज खिलाड़ी ब्राजील के रोनाल्डो नाजारियो ने कहा है कि क्लब के मौजूदा स्टार स्ट्राइकर पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो के इस ग्रीष्मकालीन सत्र में क्लब छोड़ने की कोई संभावना नहीं है।
उल्लेखनीय है कि क्रिस्टियानो के रियल क्लब के साथ करार के समाप्त होने की अटकलें लगाई जा रही हैं।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, पुर्तगाल के 32 वर्षीय खिलाड़ी क्रिस्टियानो पर स्पेन के अधिकारियों द्वारा कर धोखाधड़ी के आरोप लगाए गए हैं। इसके बाद से ही उनके रियल से जाने की खबरें जोर पकड़ने लगी हैं।
स्पेनिश मीडिया में आई खबरों के अनुसार, क्रिस्टियानो का नाम फ्रांसीसी क्लब पेरिस सेंट जर्मेन और उनके पूर्व इंग्लिश प्रीमियर क्लब मैनचेस्टर युनाइटेड के साथ जोड़ा जा रहा है।
रियल के लिए अपने करियर के दौरान 127 मैचों में 83 गोल दागने वाले ब्राजीलियाई रोनाल्डो ने कहा कि उन्हें क्रिस्टियानो के रियल क्लब छोड़ने पर संदेह है।
ब्राजीलियाई पोर्टल ‘गाजेटा एस्पोर्टिवा’ ने अपनी रिपोर्ट में नाजारियो के हवाले से कहा है, “मुझे पूरा यकीन है कि वह रियल में ही रहेंगे। एक खिलाड़ी जो एक साल में 50 गोल दागता है, उन्हें कोई भी क्लब जाने नहीं देगा।”
रियल के लिए पिछले सीजन में खेले गए 46 मैचों में रोनाल्डो ने 42 गोल दागे थे।
dharmpath.com dharmpath