दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए भारतीय महिला हॉकी टीम घोषित

बेंगलुरू, 3 फरवरी (आईएएनएस)। हॉकी इंडिया (एचआई) ने बुधवार को दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए महिला हॉकी टीम की घोषणा कर दी।

यह दौरा 20 फरवरी से एक मार्च तक चलेगा और इस दौरान भारतीय टीम जर्मनी, स्कॉटलैंड और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो-दो मैच खेलेगी।

इसके अलावा दक्षिण अफ्रीका की अंडर-21 टीम के खिलाफ भी कुछ मैच खेले जाएंगे।

रियो ओलम्पिक से पहले टीम को अंतर्राष्ट्रीय स्तर की टीमों के खिलाफ खेलने का अवसर देने के लिए इस दौरे की योजना बनाई गई।

उल्लेखनीय है कि भारतीय महिला टीम ने 36 वर्ष के अंतराल के बाद ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई किया है।

टीम के कोच नील हॉगुड ने कहा, “हम दक्षिण एशियाई खेलों के बाद होने वाले इस विदेशी दौरे के लिए तैयार हैं। हम वहां विश्व की तीन बड़ी टीमों के खिलाफ खेलेंगे जिससे हमें रियो ओलम्पिक की तैयारी में मदद मिलेगी।”

टीम में गोलकीपर के रूप में सविता, रजनी इतिमारपु और योगिता बाली का चयन किया गया है।

वहीं दीप ग्रेस एक्का, दीपिका, नमिता टोप्पो, जसप्रीत कौर, सुनीता लाकड़ा, पी. सुशीला चानू, गुरजीत कौर और रश्मिता मिंज को टीम की रक्षापंक्ति की जिम्मेदारी दी गई है।

रितू, लिलिमा मिंज, नवजोत कौर, हनिआलुम लाल राउत फेली, रेणुका यादव, एम. लीली चानू, नरिंदर कौर, निक्की प्रधान तथा मनप्रीत कौर को मिडफील्डर के रूप में शामिल किया गया है।

भारतीय आक्रमण की जिम्मेदारी रानी रामपाल, पूनम रानी, वंदना कटारिया, अनुराधा देवी थोकचोम, प्रीति दुबे और नवप्रीत कौर पर होगी।

इस दौरे से पहले टीम गुवाहाटी में दक्षिण एशियाई खेलों में श्रीलंका और नेपाल का सामना करेगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493