गुवाहाटी, 7 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय महिला हॉकी टीम ने 12वें दक्षिण एशियाई खेलों के दूसरे दिन रविवार को धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए नेपाल को 24-0 से करारी शिकस्त दे दी।
मौलाना एमडी. तयाबुल्ला हॉकी स्टेडियम में हुए इस मैच में भारत के लिए सौंदर्या येंडाला ने 15वें, 52वें, 62वें और 64वें मिनट में चार गोल दागे। पूनम बारला ने भी सातवें, 42वें, 43वें और 51वें मिनट में चार गोल किए।
इसके अलावा रानी, जसप्रीत कौर, नेहा गोयल और दीपिका ने तीन-तीन गोल दागे।
रानी ने दूसरे, 46वें और 48वें मिनट में, जसप्रीत ने चौथे, 35वें और 56वें मिनट में, नेहा ने 14वें, 22वें और 70वें मिनट में जबकि दीपिका ने 53वें, 62वें और 67वें मिनट में गोल दागे।
गुरजीत कौर (21वें और 41वें मिनट में) और प्रीति दुबे (23वें और 29वें मिनट में) ने दो-दो गोल किए।
भारतीय महिलाओं ने मैच की बेहद तेज और आक्रामक शुरुआत की। रानी ने दूसरे ही मिनट में भारत का खाता खोल दिया इसके बाद तो जैसे गोलों की बरसात हो गई।
पहले क्वार्टर में भारत ने पांच गोल दाग दिए और दूसरे क्वार्टर में भी इतने ही गोलों के साथ भारत ने मध्यांतर तक 10-0 की बढ़त ले ली।
मध्यांतर के बाद भी हालांकि नेपाल की मुसीबतें कम होने की बजाय और बढ़ गईं। भारतीय आक्रमण के आगे नेपाल की रक्षापंक्ति जैसे मुकदर्शक बनी रही।
आखिरी क्वार्टर में तो भारतीय स्ट्राइकरों ने गोलों की बरसात ही कर दी। आखिरी के इन 15 मिनटों में भारत ने नौ गोल किए।
भारतीय महिलाएं अब सोमवार को श्रीलंका के खिलाफ खेलेंगी।
dharmpath.com dharmpath