दक्षिण एशिया खेल : फाइनल में पहुंची भारतीय महिला फुटबाल टीम

शिलांग, 13 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय महिला फुटबाल टीम ने शनिवार को बांग्लादेश को 5-1 से हराकर 12वें दक्षिण एशियाई खेलों के फाइनल में जगह बना ली है।

सोमवार को फाइनल में भारत का मुकाबला नेपाल से होगा।

भारत के लिए बाला देवी और कमला ने दो-दो गोल किए, जबकि संजू ने एक गोल दागा।

भारत ने शुरू से ही आक्रामक अंदाज अपनाते हुए बांग्लादेश पर दबाव बना लिया। भारतीय स्ट्राइकरों ने बांग्लादेश पर एक के बाद एक हमले शुरू कर दिए और अंतत: छठे मिनट में उन्हें पहली सफलता मिल गई।

कमला ने भारत के लिए पहला गोल कर टीम को 1-0 से आगे कर दिया।

भारत को स्कोर 2-0 करने में ज्यादा देर नहीं लगी। बाला देवी ने 13वें मिनट में अपना पहला और टीम का दूसरा गोल कर बढ़त को दोगुना कर दिया।

एक के बाद हमले कर रही भारतीय टीम का बांग्लादेश के पास कोई जवाब नहीं था। 37वें मिनट में बाला देवी और कमला की जुगलंबदी ने भारत की बढ़त को 3-0 कर दिया।

बाला देवी ने कमला को पास दिया जिसे कमला ने आसानी से गोलपोस्ट में डाल भारत के लिए तीसरा गोल किया।

मध्यांतर के बाद भी भारत ने बांग्लादेश को हावी नहीं होने दिया। बांग्लादेश हालांकि 65वें मिनट में एक गोल कर स्कोर 1-3 करने में जरूर सफल रही। बांग्लादेश की तरफ से एकमात्र गोल सस्मिता ने किया।

भारतीय महिलाओं के खेल से उत्साहित दर्शक के कम ऑन इंडिया के नारों से पूरा मैदान गूंज रहा था। इस खुशी को संजू ने 74वें मिनट में गोल कर और बढ़ा दिया।

फाइनल का टिकट पक्का कर चुकी भारत ने मैच के अंतिन क्षणों में एक और गोल किया। बाला देवी ने अपना दूसरा और टीम का पांचवां गोल कर फाइनल स्कोर 5-1 कर दिया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493