सियोल, 28 अगस्त (आईएएनएस)। दक्षिण कोरिया ने शुक्रवार को उत्तर कोरिया के समक्ष पारिवारिक पुनर्मिलन वार्ता का प्रस्ताव रखा है। वार्ता के लिए सात सितंबर की तिथि प्रस्तावित की गई है। दक्षिण कोरिया के एकीकरण मंत्रालय ने यह जानकारी दी।
मंत्रालय के प्रवक्ता जियोंग जून-ही ने कहा कि दक्षिण कोरिया ने दोनों कोरिया को विभाजित करने वाले असैन्यीकृत क्षेत्र के तहत आने वाले पामुनजोन गांव में वार्ता आयोजित करने का प्रस्ताव रखा है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, पुनर्मिलन वार्ता सितंबर में पड़ने वाले चुसिओक की छुट्टी के दौरान हो सकती है।
1953 में संधि के साथ समाप्त हुए कोरिया युद्ध के साथ ही यह देश दक्षिण कोरिया और उत्तर कोरिया के बीच बंट गया था और लाखों परिवार एक-दूसरे से बिछड़ गए थे। इसके बाद दोनों देशों के पारिवारिक पुनर्मिलन कार्यक्रम होते रहे हैं। आखिरी बार पारिवारिक पुनर्मिलन कार्यक्रम उत्तर कोरिया के पहाड़ी पर्यटन स्थल कुमगांग में फरवरी 2014 में हुआ था।
पुनर्मिलन वार्ता का प्रस्ताव दक्षिण और उत्तर कोरिया के बीच हाल ही में पैदा हुए तनाव को खत्म करने के लिए चली 48 घंटे लंबी बातचीत के बाद सामने आया है।
चार अगस्त को बारूदी सुरंग विस्फोट में दो दक्षिण कोरियाई सैनिकों के जख्मी होने के बाद दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया था। दक्षिण कोरिया ने इसका आरोप उत्तर कोरिया पर लगाया था। उत्तर कोरिया ने शुरू में इससे इनकार किया, लेकिन बाद में घटना पर खेद जताया। इस दौरान दोनों देशों की सेनाएं हाई अलर्ट पर रहीं।
dharmpath.com dharmpath