नई दिल्ली, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। दक्षिण कोरिया की प्रथम महिला किम जुंग-सूक चार से सात नवंबर तक भारत का दौरा करेंगी और उत्तर प्रदेश सरकार के दीपोत्सव में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगी।
एक बयान में बुधवार को यह जानकारी देते हुए बताया गया कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ यहां आएंगी।
वह छह नवंबर को अयोध्या में रानी सुरीरत्ना स्मारक के समारोह में शामिल होंगी। अयोध्या की रानी सुरीरत्ना ने कोरियाई राजा सुरो से विवाह किया था और जिसके बाद उनका नाम बदलकर महारानी हिओ ह्वांग-ओके रखा गया था।
बयान के अनुसार, “अयोध्या और कोरिया के बीच अयोध्या की रानी सुरीरत्ना के जरिए गहरा ऐतिहासिक संबंध है, जिन्होंने 48 सीई में कोरिया की यात्रा की थी और कोरिया के राजा सुरो से विवाह किया था।”
बयान के अनुसार, “अयोध्या में प्रथम महिला द्वारा समारोह में शामिल होना हमारे करीबी सभ्यता संबंधों के साथ-साथ दोनों देशों के बीच गहरे मौजूदा संबंध को भी दिखाता है।”
dharmpath.com dharmpath