सियोल, 20 नवंबर (आईएएनएस)। दक्षिण कोरिया के अभियोजन कार्यालय ने रविवार को कहा कि राष्ट्रपति पार्क ग्युन हे भ्रष्टाचार और प्रभाव के दुरुपयोग के गंभीर मामले में संलिप्त हैं जिसके केंद्र में उनकी दोस्त एवं सलाहकार चोई सून-सिल हैं।
समाचार एजेंसी एफे न्यूज के अनुसार, मामले की जांच कर रही अभियोजकों की टीम ने कहा कि उन्होंने राष्ट्रपति की मित्र और सलाहकार चोई सून-सिल के खिलाफ आरोपों पर जोर दिया है। वह प्रभाव के दुरुपयोग और दो गैर लाभाकारी संस्थाओं को बड़ी राशि दान देने के लिए कंपनियों पर दबाव डालने के लिए गत अक्टूबर महीने से जेल में हैं।
‘चोई सून सिल गेट’ के रूप में मशहूर इस मामले से लोग काफी नाराज हैं और जब से मामला उजागर हुआ है तब से राष्ट्रपति से इस्तीफा की मांग करते हुए हर सप्ताह बड़े विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
समाचार एजेंसी योनहाप के अनुसार, चोई का कथित रूप से सहयोग करने के लिए पूर्व वरिष्ठ सचिव (नीति समन्वय) चोंग-बम पर भी आरोप लगाया गया है।
राष्ट्रपति के निजी मामले के पूर्व वरिष्ठ सचिव जियोंग हो-सियोंग पर भी मुकदमा चलाया जाएगा। उन पर आरोप है कि उन्होंने चोई को सरकारी और राष्ट्रपति पद से संबंधित दस्तावेज सौंपे थे।
ये दोनों राष्ट्रपति पार्क के वरिष्ठ सहायकों में हैं जिन्होंने घोटाला के मद्देनजर गत महीने इस्तीफा दे दिया था।
dharmpath.com dharmpath