दक्षिण कोरिया की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध : अमेरिका

सियोल, 1 मार्च (आईएएनएस)। अमेरिका के रक्षा मंत्री जेम्स मैटिस ने जोर देते हुए कहा है कि उनका देश उत्तर कोरिया के संभावित आक्रमण से दक्षिण कोरिया की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

समाचार एजेंसी एफे न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, दक्षिण कोरिया के रक्षा मंत्री हान मिन-कू से टेलीफोन पर बातचीत के दौरान मैटिस ने अमेरिकी समर्थन का वादा किया।

उत्तर कोरिया द्वारा हालिया मिसाइल परीक्षण तथा मलेशिया में किम जोंग-उन के सौतेले भाई किम जोंग-नाम की हत्या के बाद कोरियाई प्रायद्वीप में पसरे भारी तनाव के बीच संयुक्त सालाना सैन्य अभियान की पूर्व संध्या पर दोनों देशों के नेताओं के बीच बातचीत हुई है।

समाचार एजेंसी योनहाप के मुताबिक, बातचीत के दौरान मैटिस ने इस बात की पुन: पुष्टि की कि उत्तर कोरिया द्वारा अमेरिका या उसके सहयोगी देशों पर किए गए हमले का ‘प्रभावी तथा मुंहतोड़’ जवाब दिया जाएगा।

अमेरिका के नए रक्षा मंत्री का यह संदेश फरवरी महीने की शुरुआत में दक्षिण कोरिया के दौरे के दौरान दिए गए संदेश के समान ही है। कार्यभार ग्रहण करने के बाद मैटिस ने फरवरी महीने में दक्षिण कोरिया का पहला दौरा किया था।

कोरियाई प्रायद्वीप में शांति बनाए रखने के लिए हान ने संयुक्त फोल ईगल सैन्य अभ्यास की महत्ता पर जोर दिया, जो बुधवार को शुरू हुआ।

इस अभ्यास में हवाई, जमीनी तथा नौसेना अभ्यास शामिल है, जो अप्रैल के अंत तक जारी रहेगा।

रिपोर्ट के मुताबिक, एक महत्वपूर्ण सैन्य अभ्यास 13 मार्च को शुरू होगा, जिसमें कम्प्यूटर सिमुलेशन को शामिल किया जाएगा।

हान तथा मैटिस ने साल 2017 में मिसाइल रक्षा प्रणाली टर्मिनल हाई एल्टीट्यूड एरिया डिफेंस (थाड) की तैनाती पर भी चर्चा की।

उत्तर कोरिया द्वारा मिसाइल हमले की आशंका के मद्देनजर, दक्षिण कोरिया में ‘थाड’ को तैनात किया जाना है।

दक्षिण कोरियाई सरकार ने ‘थाड’ की तैनाती के लिए जमीन की खरीद को मंगलवार को औपचारिक रूप दिया। ‘थाड’ की तैनाती का चीन तथा रूस ने कड़ा विरोध किया है और इसे एक खतरा माना है।

डोनाल्ड ट्रंप के अमेरिकी राष्ट्रपति बनने के बाद उत्तर कोरिया ने 12 फरवरी को मध्यम दूरी तक मार करने वाली एक मिसाइल का भी परीक्षण किया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493