तारक मेहता के निधन पर मोदी, सोनिया, केजरीवाल ने शोक जताया (लीड-1)

नई दिल्ली, 1 मार्च (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को लोकप्रिय गुजराती नाटककार तारक मेहता के निधन पर शोक व्यक्त किया।

काफी समय से बीमार चल रहे तारक मेहता का बुधवार सुबह निधन हो गया। मोदी ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि तारक मेहता के लेखन में भारत की अनेकता में एकता की झलक दिखती है।

उन्होंने कहा, “सुप्रसिद्ध नाटककार और हास्य लेखक तारक मेहता को श्रद्धांजलि। उन्होंने जीवन भर व्यंग्य और कलम का साथ नहीं छोड़ा।”

मोदी ने तारक मेहता संग अपनी मुलाकात का जिक्र करते हुए लिखा, “मुझे मेहता से कई बार मिलने का मौका मिला। जब उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया, तब भी उनसे मिलने का अवसर मिला। उनके लेखन में भारत की अनेकता में एकता की झलक दिखती है।”

तारक मेहता का 88 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके परिवार ने इसकी पुष्टि की। परिवार ने उनका शव दान करने की इच्छा जताई।

साहित्यिक प्रतिभा को याद करते हुए सोनिया गांधी ने कहा, “तारकभाई ने अपने लेखन से गुजराती साहित्य को नई ऊंचाई दी। उन्होंने शांति, खुशी और सामाजिक सद्भाव के मानवीय मूल्यों का समर्थन किया।”

उन्होंने कहा कि वह दुख की इस घड़ी में वह मेहता के परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के साथ हैं।

आम आदमी पार्टी (आप) अगला गुजरात विधानसभा चुनाव लड़ने की योजना बना रही है। वहीं केजरीवाल ने कहा, “गुजराती लेखक और पद्मश्री तारक मेहता जी का निधन, भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।”

26 दिसंबर, 1929 को जन्मे मेहता को वर्ष 2015 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया था।

तारक मेहता को हास्य धारावाहिक ‘दुनिया ने ऊंधा चश्मा’ के लिए जाना जाता है और इसी से प्रेरित हिन्दी धारावाहिक ‘तारक मेहता का उलटा चश्मा’ आज भी दर्शकों को गुदगुदाता है। उन्होंने छह लोकप्रिय गुजराती नाटक भी लिखे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493