टोक्यो, 13 जुलाई (आईएएनएस)। जापान द्विपक्षीय संबंधों को सुधारने और अंतर्राष्ट्रीय मध्यस्थता न्यायाधिकरण के फैसले पर चर्चा के लिए अपने विदेश उपमंत्री शिंसुके सुगियामा को अगले सप्ताह चीन भेजेगा।
समाचार एजेंसी एफे के मुताबिक, सुगियामा के अगले सोमवार को बीजिंग पहुंचने की संभावना है, जहां वह कार्यकारी विदेश उपमंत्री झांग येसुई तथा चीन सरकार के अन्य अधिकारियों से मुलाकात करेंगे।
सुगियामा का दौरा द्विपक्षीय संबंधों में सुधार लाने का एक प्रयास है। साथ ही अंतर्राष्ट्रीय मध्यस्थता अदालत के फैसले पर चर्चा होने की भी संभावना है। दक्षिण चीन सागर मुद्दे को लेकर फिलीपींस ने हेग स्थित अंतर्राष्ट्रीय मध्यस्थता न्यायाधिकरण में मुकदमा दायर किया था, जिसके फैसले में दक्षिण चीन सागर पर चीन के ऐतिहासिक अधिकार की बात को खारिज कर दिया गया।
टोक्यो ने अदालत के फैसले का तत्काल समर्थन किया और उम्मीद जताई कि इस फैसले को ध्यान में रखते हुए संबंधित पक्ष दक्षिण चीन सागर में विवादों का शांति से निपटारा करेंगे।
जापान का पूर्वी चीन सागर में चीन के साथ सेंकाकू द्वीप को लेकर विवाद है।
दोनों देशों के बीच मौजूदा तनाव के बीच सुगियामा का इरादा जी20 शिखर सम्मेलन के ढांचे के दायरे में जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे तथा चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच वार्ता के लिए जमीन तैयार करना है।
dharmpath.com dharmpath