संयुक्त राष्ट्र, 22 जुलाई (आईएएनएस)। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने दक्षिण सूडान में हैजा फैलने की सूचना जारी की है। देश में अब तक हैजा संक्रमण के 1,000 से ज्यादा मामले दर्ज किए जा चुके हैं।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार संयुक्त राष्ट्र के उप प्रवक्ता फरहान हक ने मंगलवार को कहा कि देश के जुबा और बोर काउंटी में हैजा के 1,210 मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें से 39 लोगों की मौत भी हो चुकी है।
हक ने कहा, “हैजा संक्रमण की प्रतिक्रिया स्वरूप सहयोगियों ने दोनों काउंटी में हैजा उपचार केंद्र और मौखिक निर्जलीकरण केंद्र स्थापित किए हैं और हैजा की रोकथाम के लिए स्वच्छ पेयजल और साफ-सफाई को बढ़ावा देने वाली गतिविधियां चलाई जा रही हैं।”
संयुक्त राष्ट्र मानवीय सहायता प्रमुख स्टीफन ओब्रेन चार दिवसीय दौरे पर दक्षिण सूडान आ रहे हैं।
दक्षिण सूडान ने देश में जारी संकट के बीच इस महीने की शुरुआत में स्वतंत्रता की चौथी वर्षगांठ मनाई थी।
हाल के कुछ सप्ताह में देश में यूनिटी और अपर नील राज्यों में हिंसक घटनाएं सामने आईं, जिसके कारण लाखों लोगों को घर-बार छोड़कर जाने के लिए मजबूर होना पड़ा।
दक्षिण सूडान में दिसंबर 2013 में हिंसा और गृह युद्ध की स्थिति उत्पन्न हुई थी, जिसके बाद से अब तक यहां शांति और स्थिरता बहाल करने के सारी राजनीतिक प्रयास विफल रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath