इस्लामाबाद/नई दिल्ली, 25 अगस्त (आईएएनएस)। वित्त मंत्री अरुण जेटली ने दक्षेस के वित्त मंत्रियों के सम्मेलन से अलग रहने का निर्णय लिया है। आर्थिक मामलों के सचिव शक्तिकांत दास उनकी जगह दो दिवसीय सम्मेलन में भाग ले रहे हैं। सरकार के एक शीर्ष अधिकारी ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
वित्त मंत्रालय के एक शीर्ष अधिकारी ने आईएएनएस से कहा, “हां यह सही है। इस्लामाबाद में दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (दक्षेस) के वित्त मंत्रियों की दो दिवसीय बैठक में जेटली की जगह शक्तिकांत दास भाग ले रहे हैं।”
इस्लामाबाद में गुरुवार से यह दो दिवसीय बैठक शुरू हुई है।
जेटली के इस बैठक में भाग लेने की संभावना पर तभी से संशय के बादल मंडराने लगे थे जब गृह मंत्री राजनाथ सिंह के इसी माह दक्षेस सम्मेलन में पाकिस्तान जाने पर उन पर वहां के प्रशासन की ओर से जानबूझकर ध्यान नहीं दिया गया। इससे दोनों देशों के रिश्ते निचले स्तर पर पहुंच गए।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सचिव सिद्धार्थ नाथ सिंह ने आईएएनएस से इससे पहले कहा कि यह सरकार का फैसला है कि वित्त मंत्री इस्लामाबाद जाते हैं या नहीं। मैं समझता हूं कि यह पाकिस्तान को झिड़कने का एक तरीका है।
पाकिस्तान के दैनिक टाइम्स के अनुसार, जेटली के अलावा बांग्लादेश के वित्त मंत्री अब्दुल मल अब्दुल मुहिथ भी दक्षेस सम्मेलन में नहीं आए हैं।
दास भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं जबकि एम.ए. मेनन जो बांग्लादेश के वित्त राज्यमंत्री हैं, बांग्लादेश का नेतृत्व कर रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath