धर्मशाला, 10 मार्च (आईएएनएस)। तिब्बत के धर्मगुरु दलाई लामा जल्द धर्मशाला लौटेंगे, जो फिलहाल प्रोस्ट्रेट सर्जरी के लिए अमेरिका में हैं। तिब्बत की निर्वासित सरकार के प्रधानमंत्री लोबसांग सांगे ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी।
सांगे ने यहां 57वें तिब्बतन नेशनल अपराइजिंग डे के अवसर पर कहा, “दलाई लामा अगले कुछ दिनों में धर्मशाला लौटेंगे। अमेरिका में चल रहा उनका इलाज सफल रहा।”
उन्होंने चीन से अलगाव की बजाए ‘मध्यमार्गी दृष्टिकोण’ को दोहराते हुए कहा कि तिब्बत के लोगों को वास्तविक स्वायत्तता चाहिए। उन्होंने कहा, “हमें भरोसा है कि दलाई लामा के प्रतिनिधियों और चीनी सरकार के प्रतिनिधियों के बीच बातचीत से तिब्बत का लंबे समय से चला आ रहा मामला सुलझाया जा सकता है।”
सांगे ने कहा कि हाल में ही वहां दो युवाओं ने आत्मदाह किया और अब तक कुल 142 लोग आत्मदाह कर चुके हैं। यह इस बात का सबूत है तिब्बत में आजादी की कमी है। सांगे तिब्बत के पहले निर्वाचित प्रधानमंत्री हैं, जिनका कार्यकाल अब खत्म होने को है।
दलाई लामा के पुनर्जन्म के फैसले के अधिकार पर चीन के रुख पर उन्होंने कहा, “दलाई लामा के पुनर्जन्म पर फैसला करने की शक्ति और अधिकार केवल दलाई लामा के पास है और किसी को ऐसा करने का अधिकार नहीं है।”
तिब्बत की निर्वासित सरकार हर साल 10 मार्च को तिब्बतन नेशनल अपराइजिंग डे मनाती है, क्योंकि 1959 में इसी दिन चीनी सैनिकों की दमनकारी कार्रवाइयों के कारण दलाई लामा तथा 80,000 से अधिक तिब्बतियों को भागकर भारत व दूसरे देशों में शरण लेनी पड़ी थी।
dharmpath.com dharmpath