धर्मशाला, 14 जून (आईएएनएस)। तिब्बतियों के आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा ने अमेरिका में ऑरलैंडो के एक समलैंगिक नाइटक्लब में रविवार को हुई गोलीबारी की घटना में मारे गए लोगों की याद में एक मौन प्रार्थना की अगुवाई की।
सेंट्रल तिब्बतन एडमिनिस्ट्रेशन (सीटीए) की ओर से मंगलवार को जारी बयान में कहा गया है कि नोबेल शांति पुरस्कार विजेता दलाई लामा ने सोमवार को वाशिंगटन में यूएस इंस्टीट्यूट ऑफ पीस में कहा कि ऐसी हमलों का जवाब यही है कि युवा प्रतिदिन अकेले या समूह में दीर्घकालिक शांति के लिए काम करें।
तिब्बतियों के आध्यात्मिक गुरु वैश्विक शांति अभियान को बढ़ावा देने के लिए वाशिंगटन में मौजूद थे, जिसके तहत उन्होंने भारत में एक कार्यशाला का भी आयोजन किया, जिसमें अफ्रीका और मध्य पूर्व सहित दुनियाभर के संघर्षरत क्षेत्रों से 28 युवा कार्यकर्ताओं ने शिरकत की।
दलाई लामा (80) ने कहा, “अगर आप अभी प्रयास करें, अभी कोशिश करें तो इस सदी का अंत अधिक शांतिपूर्ण व करुणामय हो सकता है।”
उन्होंने ‘यूएसए टुडे’ समाचार-पत्र से कहा कि समाज में शांति व सुरक्षा की भावना के लिए शिक्षा में सौहार्द और संवेदना को शामिला किया जाना चाहिए।
dharmpath.com dharmpath