दलितों, महिलाओं के खिलाफ हिंसा चिंताजनक : कांग्रेस

नई दिल्ली, 1 अगस्त (आईएएनएस)। कांग्रेस ने सोमवार को देश में दलितों और महिलाओं के खिलाफ बढ़ रही हिंसा पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी की सरकार इसमें सुधार के लिए कुछ भी नहीं कर रही।

कांग्रेस नेता पी. एल. पुनिया ने यहां पत्रकारों से कहा, “दलितों के खिलाफ हिंसा की खबरें आ रही हैं। महिलाओं के साथ हिंसा और दुष्कर्म की घटनाएं भी बढ़ी हैं। महिलाओं को पीटा जा रहा है और उनके साथ दुष्कर्म किए जा रहे हैं, लेकिन सरकार इसके खिलाफ एक भी शब्द नहीं बोल रही है।”

पुनिया ने कहा कि यहां तक कि अनेक विषयों पर लगातार बोलने वाले प्रधानमंत्री भी दलितों, अल्पसंख्यकों और महिलाओं के साथ हो रहे अत्याचार पर मौन साधे हुए हैं।

पुनिया ने बॉलिवुड अभिनेता आमिर खान पर की गई टिप्पणी को लेकर रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर की आलोचना भी की। गौरतलब है कि पर्रिकर ने हाल ही में आमिर की ओर इशारा करते हुए कहा था कि इन जैसे लोगों को सबक सिखाया जाना चाहिए।

पुनिया ने कहा कि हरियाणा के रोहतक में सामूहिक दुष्कर्म की पीड़िता पर मामला वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है और आरोपियों ने पीड़िता के साथ दोबारा सामूहिक दुष्कर्म कर डाला।

उन्होंने सत्ता में बैठे लोगों पर ‘अपराधियों को बचाने’ का आरोप लगाते हुए कहा, “मौजूदा सरकार के कार्यकाल में देश की कुल स्थिति जरा भी अच्छी नहीं है। यह शर्मनाक है। कांग्रेस इसकी निंदा करता है और दलितों, महिलाओं एवं समाज के अन्य वंचित तबकों को सम्मान दिए जाने की मांग करता है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493