नई दिल्ली, 22 अगस्त (आईएएनएस)। मुंबई में 1993 में हुए बम विस्फोटों के मुख्य साजिशकर्ता और अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम पाकिस्तान में है। भारतीय खुफिया एजेंसियों को दाऊद के पाकिस्तान में होने के सबूत मिले हैं। शनिवार को मीडिया रपट में यह जानकारी सामने आई है।
यह चौकाने वाला खुलासा ऐसे समय में हुआ है, जब 23-24 अगस्त को यहां दोनों देशों के बीच राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार स्तर की बैठक प्रस्तावित है।
हिंदुस्तान टाइम्स की रपट के अनुसार, “भारतीय खुफिया एजेंसियों को दाऊद के दस्तावेज हाथ लगे हैं, जो यह साबित करते हैं कि वर्तमान में वह पाकिस्तान में है।”
रपट के मुताबिक, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल अपने पाकिस्तानी समकक्ष सरताज अजीज को दाऊद के पाकिस्तान में होने के सबूत सौंपेंगे।
दस्तावेजों से साफ है कि दाऊद अपनी पत्नी और चार बच्चों के साथ कराची में रहता है और वह बार-बार दुबई की यात्रा करता है।
खुफिया एजेंसियों को दाऊद इब्राहिम की पत्नी महजबीन के नाम का एक टेलीफोन बिल और दाऊद के कई पासपोर्ट भी मिले हैं।
पाकिस्तान बार-बार दाऊद के वहां होने की बात का खंडन करता रहा है।
dharmpath.com dharmpath