लखनऊ, 1 अक्टूबर(आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री व बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने दादरी में गोमांस रखे जाने की अफवाह पर एक व्यक्ति की हत्या की दर्दनाक घटना पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। इस घटना के लिए उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा के साथ ही उप्र सरकार को भी दोषी बताया।
बसपा मुखिया ने गुरुवार को एक बयान जारी कर यह आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि दादरी की घटना पुलिस की नाकामी और प्रदेश में बदतर कानून व्यवस्था का एक उदाहरण है।
मायावती ने कहा, “उप्र में मुस्लिम विरोधी अराजक तत्व सक्रिय हैं और वे यहां का माहौल खराब कर रहे हैं। सपा सरकार न तो इस पर कोई कार्रवाई करती है और न ही पुलिस को कोई एक्शन लेने देती है। सरकार तो पशु तस्करों पर मेहरबान है। इस तरह की घटनाओं पर एक्शन लेने के बजाय सरकार पीड़ितों को रुपये में तौल रही है।”
उप्र के दादरी इलाके में बुधवार को 50 साल के एक शख्स मोहम्मद अखलाक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, जबकि उसके 22 साल के बेटे को अधमरा करके छोड़ दिया गया। आरोप था कि उन्होंने अपने घर में गाय का मांस जमा कर रखा था।
dharmpath.com dharmpath