पटना, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्रीय कृषि मंत्री राधामोहन सिंह ने दाल की बढ़ती कीमतों पर महागठबंधन के नेताओं पर पलटवार करते हुए कहा कि इसके लिए पूरी तरह से राज्य सरकार जिम्मेदार है। उन्होंने दावा किया है कि पिछले तीन वर्षो में बिहार में दाल का उत्पादन घटा है।
केंद्रीय मंत्री ने मंगलवार को राजधानी पटना में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए बिहार में दाल की कीमतें बढ़ने के लिए बिहार सरकार को जिम्मेदार बताया और कहा कि कृषि मंत्रालय और खाद्य आपूर्ति विभाग ने इस बाबत राज्य सरकार को छह पत्र लिखे, लेकिन बिहार सरकार ने कोई जवाब नहीं दिया।
उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने आलू, प्याज और दाल की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए राज्य सरकार को हरसंभव मदद देने की बात कही है।
इधर, लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने भी कहा कि कि खाद्य एवं आपूर्ति मंत्रालय द्वारा राज्य सरकार को चार पत्र लिखे गए, लेकिन उस ओर से किसी पत्र का जवाब नहीं भेजा गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि दाल की बढ़ी कीमतों को लेकर राज्य सरकार केवल दोषारोपण कर रही है और जानबूझ कर केंद्र सरकार को बदनाम कर रही है।
उल्लेखनीय है कि सत्ताधरी गठबंधन में शामिल राजद, जनता दल (युनाइटेड) और कांग्रेस के नेता लगातार दाल की बढ़ी कीमतों के लिए केंद्र सरकार पर निशाना साध रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath