भोपाल, 10 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान ने राज्य में पाकिस्तान को खुफिया जानकारी देने के आरोप में 11 लोगों को पकड़े जाने पर कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव दिग्विजय सिंह द्वारा दिए गए बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
दिग्विजय सिंह ने ट्वीट किया है कि ‘पकड़े गए 11 एजेंटों में एक भी मुसलमान नहीं है।’
चौहान ने शुक्रवार को बयान जारी कर राज्य में आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) द्वारा पाकिस्तान को खुफिया जानकारी दिए जाने के मामले में 11 लोगों को गिरफ्तार किए जाने का स्वागत किया और कहा, “आतंकवादी, नक्सलवादी, देशद्रोही या डकैत का किसी जाति या धर्म से संबंध नहीं होता, लेकिन दुर्भाग्य से कांग्रेस के नेता राष्ट्र रक्षा के विषयों को भी जाति और धर्म से जोड़कर अपनी कुत्सित मानसिकता से बाज नहीं आते।”
धर्म को अपनी ‘संजीवनी’ बना चुकी पार्टी के प्रदेश प्रमुख ने कहा कि राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह आए दिन आतंकवाद को जाति-धर्म से जोड़ने की बातें करते हैं, जिससे समूचे मध्यप्रदेश का सिर भी शर्म से झुक जाता है। उन्होंने मध्यप्रदेश में मारे गए सिमी आतंकवादियों के समय भी इसी प्रकार का बर्ताव किया था और आज फिर उनका वक्तव्य देश के सामाजिक वातावरण को बिगाड़ने वाला है।
कांग्रेस का दावा है कि पकड़े गए 11 एजेंटों में से दो के संबंध भाजपा से हैं। कांग्रेस ने शुक्रवार को एक तस्वीर भी जारी की, जिसमें एक संदिग्ध भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के साथ देखा जा रहा है।
dharmpath.com dharmpath