दिग्विजय की नर्मदा परिक्रमा का दूसरा दिन

नरसिंहपुर, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह की शनिवार को नरसिंहपुर जिले के बरमानघाट से शुरू हुई नर्मदा परिक्रमा का रविवार को दूसरा दिन है। परिक्रमा में दिग्विजय सिंह के साथ उनकी धर्मपत्नी अमृता राय भी हैं।

सिंह ने अपने दूसरे दिन की यात्रा की शुरुआत रविवार को बरिया घाट से की। यहां से वे अंडिया घाट पहुंचकर वहां स्थित राम मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। उसके बाद वे अंडिया घाट से चलकर लिंगा घाट पहुंचेंगे और देर शाम को कोठिया घाट पहुंचकर वहीं रात्रि विश्राम करेंगे। वे प्रतिदिन लगभग 12 किलोमीटर का रास्ता तय करेंगे।

दिग्विजय ने शनिवार को नर्मदा नदी के दक्षिण तट पर स्थित बरमान खुर्द घाट से अपनी परिक्रमा की शुरुआत की, जहां उन्होंने मां नर्मदा की विधि-विधान से पूजा की। इस मौके पर संस्कृत विद्यालय के छात्रों ने स्वस्ति वाचन किया, नर्मदा आरती हुई और वे रात बरिया घाट पहुंचे, जहां उन्होंने रात्रि विश्राम किया।

सिंह की पहले दिन की पदयात्रा में सांसद विवेक तन्खा, पूर्व मंत्री सुरेश पचौरी सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

दिग्विजय सिंह ने इस यात्रा को पूरी तरह निजी और धार्मिक यात्रा बताया है। यह यात्रा लगभग तीन हजार किलोमीटर का रास्ता तय करेगी और 120 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी। लगभग छह माह तक चलने वाली इस यात्रा में प्रतिदिन 12 किलोमीटर का रास्ता तय किया जाएगा।

सिंह के कार्यालय ने छह दिन का प्रारंभिक कार्यक्रम जारी किया है, उसके बाद आगे का कार्यक्रम जारी किया जाएगा। इस यात्रा का समापन बरमान घाट पर ही होगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493